Friday, June 12, 2026
Newspaper and Magzine


जवाबदेही तय होगी, शिकायतों का समाधान नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 12, 2026 Tags: , , , , , ,

सीएम विंडो शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय में करें समाधान

जनता की शिकायतों का शीघ्र समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

लंबित शिकायतों को लेकर उपायुक्त सख्त, अधिकारियों को सोमवार तक दिया निस्तारण का अल्टीमेटम

BOL PANIPAT , 12 जून। मुख्यमंत्री शिकायत निवारण प्रणाली (सीएम विंडो) पर लंबित शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला सचिवालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई समीक्षा के बाद उपायुक्त ने विभिन्न विभागों की लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री शिकायत निवारण प्रणाली आमजन की समस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सोमवार तक अपने-अपने विभागों से संबंधित सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराएं।

उपायुक्त ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को विभागवार लंबित मामलों की जानकारी देते हुए उनके निस्तारण में आ रही बाधाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन विभागों द्वारा निर्धारित समयावधि में शिकायतों का समाधान कर दिया जाएगा, उन्हें अगली समीक्षा बैठक में उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं जिन विभागों में अनावश्यक रूप से लंबित मामले पाए जाएंगे, उनकी जवाबदेही भी तय की जाएगी।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुशासन की पहचान है। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि किसी भी शिकायत को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि उसका गुणवत्तापूर्ण और स्थायी समाधान किया जाए। शिकायतों का निस्तारण प्रशासन की संवेदनशीलता और कार्यकुशलता का प्रत्यक्ष प्रमाण होता है। सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने समीक्षा बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के मामले पर भी संज्ञान लेते हुए कहा कि सरकारी कार्यों के प्रति उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, सीईओ डॉ. किरण, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी सतीश वत्स, स्टेट ऑफिसर प्रतीक, सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता कर्ण बहल, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता साबित पन्नू, जीएम रोडवेज विक्रम कंबोज, कृषि विभाग के एसडीओ राधेश्याम गुप्ता, एलडीएम जितेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply