मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार: डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
अधिकारी पूरी जिम्मेदारी से निभाएं अपनी भूमिका
विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर निर्वाचन अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
BOL PANIPAT , 12 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंस एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), निर्वाचन तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जूनियर प्रोग्रामर तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से लागू करना तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण संबंधी नवीन दिशा-निर्देशों की जानकारी देना था। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची के सत्यापन, त्रुटियों के सुधार, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा तकनीकी व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को बताया गया कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करना आवश्यक है। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे। इसके लिए फील्ड स्तर पर विशेष सावधानी बरतने और निर्धारित समयावधि में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान लोकतंत्र को और अधिक सशक्त एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना निर्वाचन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने, स्थानांतरित एवं अपात्र मतदाताओं के नामों का सत्यापन करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का कार्य किया जाएगा। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पालन करें।
डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि एक सटीक और अद्यतन मतदाता सूची ही निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनावों की आधारशिला होती है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह इस कार्य को मिशन मोड में पूरा करे, ताकि जिले का कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान से नहीं, बल्कि शुद्ध एवं विश्वसनीय मतदाता सूची से भी सुनिश्चित होती है।
उन्होंने जिले के नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करें तथा अपने विवरणों का सत्यापन कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में भागीदार बनें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों के सहयोग से पानीपत में एसआईआर-2026 अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया जाएगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण उपरांत सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाएं। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीसी अंकित चौकसे, नगराधीश, एसडीएम समालखा अमित कुमार एसडीएम इसराना नवदीप नैन सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी, निर्वाचन कानूनगो, जूनियर प्रोग्रामर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments