Friday, June 19, 2026
Newspaper and Magzine


जरूरतमंद अभ्यर्थियों की मदद को आगे आएं नागरिक. 112 पर भी मिलेगी सहायता: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 19, 2026 Tags: , , , , ,

नीट पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां अंतिम चरण में

परीक्षा की पवित्रता से कोई समझौता नहीं, हर केंद्र पर रहेगी कड़ी निगरानी

सुरक्षा, सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी पल-पल की मॉनिटरिंग

BOL PANIPAT , 19 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परीक्षा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों पर निगरानी, कंट्रोल रूम की स्थापना, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सुविधा तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन नीट पुनर्परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर पूरी तरह सतर्क, सजग और प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पवित्रता, गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और प्रत्येक व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की दोबारा जांच की जाए। साथ ही केंद्रों में लगी घडिय़ों के सेल और समय की शुद्धता भी सुनिश्चित की जाए ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि परीक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के भीतर हाथ की घड़ी, स्मार्ट वॉच अथवा किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा। संबंधित विभाग एवं केंद्र अधीक्षक इस व्यवस्था को पूरी गंभीरता से सुनिश्चित करें।

अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता, अव्यवस्था अथवा संदिग्ध गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और तनावमुक्त परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिले। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए सुरक्षा, निगरानी और समन्वय संबंधी सभी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा नियम उल्लंघन के प्रति प्रशासन की शून्य सहनशीलता की नीति रहेगी।

    उपायुक्त ने नागरिकों से अपील कि परीक्षा के दिन यदि कोई अभ्यर्थी परिवहन साधन के अभाव में केंद्र तक पहुंचने के लिए संघर्ष करता दिखाई दे तो मानवता के नाते उसकी सहायता करें। जरूरत पडऩे पर अभ्यर्थी 112 नंबर पर कॉल कर भी मदद प्राप्त कर सकते हैं। हमारा प्रयास है कि कोई भी विद्यार्थी केवल संसाधनों की कमी के कारण परीक्षा से वंचित न रहे।

बैठक में एडीसी अंकित चौकसे एसडीएम मनदीप कुमार, एडिशनल कमिश्नर निगम विवेक चौधरी, सीईओ डॉ किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल डीडीपीओ राजेश शर्मा डीएसपी सतीश वत्स, डीडीपीओ राजेश शर्मा, सीएमओ विजय मलिक, डीईओ राकेश बूरा, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता करण बहल, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता साबित पन्नू के अलावा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply