Saturday, June 20, 2026
Newspaper and Magzine


भालसी गांव में दोस्तों को तलवार व डंडों से गंभीर चोट मारने के दो और आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at June 20, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 20 जून : थाना मतलौडा पुलिस ने भालसी गांव में तीन दोस्तों पर तलवार व डंडों से हमला कर गंभीर चोटें मारने के मामले में दो और आरोपियों को शुक्रवार शाम गिरफ्तार किया । गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भालसी निवासी सचिन और रवि के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं।

थाना मतलौडा प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके सोनीपत के चिरसमी गांव निवासी साथी आरोपी रितिक तथा फरार तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर रंजिशन उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक डंडा बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी रितिक के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक तलवार बरामद कर आरोपी को जेल भेजा जा चुका है। वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह है मामला
थाना मतलौडा में वैसर गांव निवासी आर्यन पुत्र राज सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 28 अप्रैल की रात करीब 9 बजे वह अपने गांव के दोस्त अक्षय व साहिल के साथ भालसी गांव में दोस्त नरेंद्र से मिलने गए थे। वे तीनों भालसी गांव में अड्डे पर सैनी किरयाणा स्टोर के पास खड़े होकर नरेंद्र से बातचीत कर रहे थे। तभी भालसी निवासी सचिन अपने भाई रवि के साथ वहां आया। सचिन की छवि मोटर्स के नाम से दुकान है। वे चारों सचिन की दुकान पर गए। दुकान पर पहले से 7-8 अन्य युवक मौजूद थे, जिनमें से एक को रितिक नाम लेकर बोला जा रहा था।
दुकान पर कुछ देर बाद सचिन व रवि की नरेंद्र के साथ किसी पुरानी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज हो गई, तभी रितिक ने धारदार हथियार से उसके कंधे पर वार कर दिया। आरोपियों ने नरेंद्र व साहिल के साथ थप्पड़, मुक्कों, डंडों तथा धारदार हथियार से हमला कर चोटें मारी। दोस्त अक्षय ने बीच-बचाव कर उन्हें दुकान से बाहर निकाला। उन्होंने खेतों की तरफ भाग कर अपनी जान बचाई। आरोपी सचिन व रवि ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनका पीछा किया और जान से मारने की धमकी दी। वे बचकर अपने गांव वैसर पहुंचे। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर गए। आर्यन की शिकायत पर थाना मतलौडा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments


Leave a Reply