कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई नीट परीक्षा
91.40% रही उपस्थिति. प्रशासनिक सतर्कता और बेहतर समन्वय का दिखा असर.
बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई नीट परीक्षा
निष्पक्षता, पारदर्शिता और अनुशासन का बना उदाहरण
अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत लाई रंग, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई नीट परीक्षा
BOL PANIPAT , 21 जून। जिले में आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं पुख्ता प्रबंध किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसके चलते परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल सात परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 2592 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2369 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 223 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल उपस्थिति प्रतिशत 91.40 प्रतिशत दर्ज किया गया।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) एवं भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे तथा प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा का सफल आयोजन जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, बिजली विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के बेहतर समन्वय और टीमवर्क का परिणाम है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन किया, जिसके कारण परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा, “राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा युवाओं के भविष्य से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है। जिले में इस परीक्षा का सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों, परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों तथा सहयोगी स्टाफ के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। मैं परीक्षा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों और कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। सभी ने पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य किया, जिसके कारण परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई। इसके लिए मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं।”
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी इसी प्रकार की महत्वपूर्ण परीक्षाओं एवं आयोजनों को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने कहा कि, “राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 का जिले में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न होना शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभागों के उत्कृष्ट समन्वय का परिणाम है। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की गई तथा अभ्यर्थियों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया। परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता के कारण परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। मैं सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करता हूं।

Comments