नशा तस्कर को 13 किलो 775 ग्राम गांजा सहित किया गिरफ्तार. बिहार से तस्करी करने आया था.
BOL PANIPAT , 26 जून : सीआईए टू पुलिस टीम ने चौटाला रोड स्थित सेक्टर 29 कट पर एक युवक को 13 किलो 775 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बिहार के अररिया के पहुंसी गांव निवासी रामायण के रूप में हुई है। आरोपी बिहार से पानीपत में नशा तस्करी करने आया था।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि वीरवार शाम को उनकी टीम गश्त एवं जांच पड़ताल के दौरान सिवाह बस अड्डा के पास थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि चौटाला रोड स्थित सेक्टर 29 कट पर एक युवक प्लास्टिक कट्टे में मादक पदार्थ लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान रामायण पुत्र विरेंद्र निवासी पहुंसी अररिया बिहार के रूप में बताई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ अनुभव की मौजूदगी में पुलिस ने युवक के प्लास्टिक कट्टे की तलाशी ली तो उसमें काफी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर 13 किलो 775 ग्राम पाया गया।
प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी रामायण ने बताया वह शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए उक्त गांजा बिहार में एक युवक से कम कीमत पर खरीदकर वीरवार को पानीपत में बेचने के लिए आया था।
पुलिस ने आरोपी रामायण के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments