भैंस बेचने के बहाने युवक को बुलाकर बंधक बना जबरन वसूली करने वाले गिरोह की और दो महिला आरोपी गिरफ्तार
वारदात में प्रयुक्त चाकू, छीने गए दो मोबाइल व 4 हजार रुपए बरामद
BOL PANIPAT , 27 जून: यूपी निवासी युवक को भैंस बेचने के बहाने घर बुलाकर, बंधक बनाकर मारपीट करने और जबरन वसूली करने वाले गिरोह की और दो महिला आरोपियों को थाना माडल टाउन पुलिस ने शुक्रवार को इसराना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान हरिनगर हाल इसराना खुशीराम कॉलोनी निवासी सीमा और रोहतक निवासी रूबी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी मां-बेटी हैं। आरोपियों ने युवक से 60 हजार रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन छीनने के साथ ही खाते से ऑनलाइन 6700 रुपए ट्रांसफर कर वसूली की थी।
थाना माडल टाउन प्रभारी इंस्पेक्टर जगमिंदर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी मां-बेटी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने तीन साथी आरोपी जलमाना गांव निवासी अशोक, मनोज तथा गन्नौर-सोनीपत निवासी अमित के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन तथा जबरन वसूली गई नकदी में से बचे 4 हजार रुपये और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उनको न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके तीन आरोपी अशोक, मनोज व अमित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा और जबरन वसूली गई नकदी में से बचे 8420 रुपए बरामद कर तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा चुका है।
यह है मामला
थाना चांदनी बाग में यूपी के बागपत जिले के गांव जीवाना गुलियाना निवासी सचिन सोलंकी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 17 अप्रैल 2026 को फोन में पशु एप पर एक भैंस देखी थी। इस संबंध में दिए गए मोबाइल नंबर पर उसकी बातचीत हुई। व्यक्ति ने अपना नाम अशोक पुत्र सतपाल निवासी आरके पुरम कॉलोनी, पानीपत बताया। दोनों के बीच 70 हजार रुपये में भैंस का सौदा तय हो गया। अशोक ने उसके व्हाट्सएप पर स्केनर भेजकर खाते में 500 रुपए भेजे और अगले दिन शाम 4 बजे पैसे लेकर आने को कहा। उसने अशोक से पूछा कि पैसे ऑनलाइन चाहिए या नकद । अशोक ने कहा कि वह मकान बना रहा है, उसे पैसे नकद चाहिए और वह इसी कारण भैंस बेच रहा है। 18 अप्रैल को वह बाइक पर सवार होकर तय समय पर पानीपत पहुंचा, जहां फ्लाईओवर के पास स्थित शनिदेव मंदिर के नजदीक अशोक अपनी बाइक से उसे लेने के लिए आया। अशोक उसे आरके पुरम कॉलोनी स्थित अपने घर ले गया। वहां उसने उसकी बाइक खड़ी करवा दी और उसे घर के एक कमरे में बैठा दिया। एक महिला पानी लेकर आई। चाय-पानी पीने के बाद उससे कहा गया कि भैंस डेयरी में है और शाम छह बजे दूध निकाला जाता है। वह थक गया होगा, तब तक वह आराम कर ले। तभी दूसरे कमरे से तीन अज्ञात व्यक्ति और एक महिला कमरे में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए बोले कि यहां तुझे किसने बुलाया है। इसी दौरान अशोक भी कमरे में आ गया। उन सभी ने मिलकर उस पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और एक युवती को जबरन उसके पास बैठा दिया।
एक व्यक्ति ने चाकू और तमंचा उसकी कनपटी पर लगाकर उससे घर फोन करने के लिए कहा तथा फोन-पे पर ऑनलाइन पैसे मंगाने का दबाव बनाया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे बंधक बना लिया और उसके फोन-पे का पिन नंबर पूछकर उसके खाते से रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। इसके अलावा उसके बैग में रखे 60 हजार रुपये नकद, वीवो व सैमसंग कंपनी के दो मोबाइल फोन भी छीन लिए। आरोपियों ने उसकी टी-शर्ट उतरवाकर एक युवती के पास बैठाकर फोन में वीडियो बनाई। आरोपियों ने उसे धमकी देते हुए कहा कि तुम्हारे जैसे बहुतों को ठीक किया है और वे पहले भी कई लोगों के साथ ऐसा कर चुके हैं। थाना माडल टाउन में सचिन की शिकायत पर बीएनएस की धारा 115(2), 308(2), 127(2), 351(3), 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों को धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments