युवक पर सुए से वार कर चेन-लैपटॉप लूटने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों से लूट का सामान खरीदने वाला आरोपी सुनार भी काबू
BOL PANIPAT , 16 अगस्त: सीआईए टू पुलिस टीम ने जिंदल नर्सिंग होम के पास देवी मूर्ति कॉलोनी निवासी मदवन आहुजा को बीच रास्ते घेरकर सुए से वार कर सोने की चेन व लैपटॉप लूटने वाले गिरोह के दो आरोपियों को शनिवार देर शाम को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर लूट का सामान खरीदने वाले आरोपी सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान गांव बाबरपुर हाल कोहंड निवासी किशन व गांव शाहनपुर जीन्द हाल दिनानाथ कॉलोनी निवासी प्रिंस और खरीददार आरोपी सुनार की पहचान सुभाष कॉलोनी निवासी बाल कृष्ण उर्फ शैंटी के रूप में हुई है।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने रविवार को सीआईए टू में प्रेसवार्ता के दौरान मामले की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार व उनकी टीम को सौंपी गई थी। पुलिस टीम अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की पहचान व धरपकड़ में जुटी थी। इसी बीच शनिवार देर शाम को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली की लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी एक बाइक पर सवार होकर रिफाइनरी रोड स्थित पेप्सी पूल के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को काबू किया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरेापियों ने बाबरपुर निवासी फरार अपने साथी आरोपी अगम से साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने लूटी गई सोने की चेन व लैपटॉप सुभाष कॉलोनी निवासी बाल कृष्ण को 97 हजार रूपए में बेचना स्वीकारा। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर देर शाम आरोपी बाल कृष्ण को वधावाराम कॉलोनी से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी बाल कृष्ण ने दोनों आरोपियों से लूट का सामान खरीदने बारे स्वीकारा।
लग्जरी लाइफ जीने के लिए दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में दोनों आरोपी किशन व प्रिंस से खुलासा हुआ वह दोनों और वारदात में शामिल फरार उनका साथी आरोपी अगम खोने-पीने व ब्रांडेड कपड़े, जुते पहनने के शौकिन है। उन्होंने ब्रांडेड कपड़े, जुत्ते पहनने का शौक पूरा करने व लग्जरी लाईफ जीने के लिए फरार साथी आरोपी के साथ मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम दिया।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को रविवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही फरार आरोपी अगम के ठिकानों का पता लगा काबू करने व लूट का सामान बरामद करने का प्रयास करेगी।
यह है मामला
थाना शहर में देवी मूर्ति कॉलोनी निवासी मदवन आहुजा पुत्र संजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 14 मई की रात करीब 10 बजे बाइक पर प्रिंस ईजी रोल से खाना लेकर घर लौट रहा था। जब वह जिंदल नर्सिंग होम के पास पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात युवकों ने उसकी बाइक को जबरदस्ती रुकवा लिया। एक युवक ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। दूसरे लड़के ने गले से सोने की चेन तोड़ और कमर सूए से वार कर दिए। उसके भागकर जिंदल नर्सिंग होम में घूसकर अपनी जांन बचाई। आरोपी उसकी बाइक पर टंगा लैपटॉप तथा लैपटॉप बैग, जिसमें आधार कार्ड व अन्य जरूरी कागजात रखे हुए थे को लेकर अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। थाना शहर में मदवन आहुजा की शिकायत पर बीएनएस की धारा 309(4), 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने बताया कि आरोपी किशन व प्रिंस का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी किशन के खिलाफ लूट व चोरी के 2 मामले व आरोपी प्रिंस के खिलाफ 3 मामलें दर्ज है। आरोपी किशन करीब 8 माह पहले और आरोपी प्रिंस करीब 1 साल पहले जेल से बेल पर बाहर आया था।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने बताया की आरोपी बाल कृष्ण उर्फ शैंटी से पूछताछ में खुलासा हुई उसने उक्त वारदात के अतिरिक्त लूट की दो अन्य वारदातों के आरोपियों से भी लूट का सामान खरीदा था। इनमें एक वारदात थाना चांदनी बाग व दूसरी थाना सेक्टर 13/17 में दर्ज है। उक्त दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। थाना चांदनी बाग में दर्ज मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों ने मित्तल मैगा मॉल के पीछे स्टैट बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर हर्षद कुमार की लूट के बाद हत्या की थी। वही थाना सेक्टर 13/17 में दर्ज मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों ने 20 मई को गांव निजामपुर में किरयाना की दुकान में बैठी महिला से सोने की चैन स्नेच की थी।

Comments