विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान युद्ध स्तर पर जारी, विदेशों में रहने वाले परिवारों के लिए भी ऑनलाइन सुविधा: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में जुटा प्रशासन, 1950 हेल्पलाइन पर मिल रही हर जानकारी
उपायुक्त ने कहा विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य युद्ध स्तर पर
BOL PANIPAT , 3 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पूरी गति से चलाया जा रहा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शुक्रवार को जिला सचिवालय में आयोजित मीडिया सम्मेलन में बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में अभियान के तहत सभी बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण देकर सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। कॉन्फ्रेंस में मतदान केंद्रों के राशनलाइजेशन पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने बताया कि सभी बीएलओ को इलेक्टर फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा सभी 912 बीएलओ द्वारा फॉर्म वितरित करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। जिले में प्रति बीएलओ औसतन 1060 मतदाता हैं। जिले में कुल 9 लाख 66 हजार 687 मतदाता हैं। इनमें 24-पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 7 हजार 515 मतदाता, 25-पानीपत शहर में 2 लाख 47 हजार 812 मतदाता, 26-इसराना में 1 लाख 82 हजार 887 मतदाता तथा 27-समालखा विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 28 हजार 473 मतदाता शामिल हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब तक 3 लाख 56 हजार 370 इलेक्टर फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 36.87 प्रतिशत है। जबकि 5 लाख 95 हजार 175 फॉर्म (61.57 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन अभी शेष है।
उपायुक्त ने बताया कि अब तक 8 लाख 92 हजार 928 इलेक्टर फॉर्म (92.37 प्रतिशत) का बीएलओ द्वारा सत्यापन किया जा चुका है। इनमें से 3 लाख 54 हजार 98 मतदाताओं (36.63 प्रतिशत) ने स्वयं को सेल्फ मैप किया है, जबकि 1 लाख 84 हजार 838 (19.12 प्रतिशत) मतदाताओं की प्रोजेनी मैपिंग की गई है। इसके अलावा 18 हजार 76 (1.87 प्रतिशत) अन्य श्रेणी की मैपिंग भी की गई है। अभी 2 हजार 264 फॉर्म (0.23 प्रतिशत) बीएलओ के सत्यापन के लिए लंबित हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा की विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा अपात्र अथवा दोहराव वाली प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जा सके। जिले के सभी नागरिक भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले परिवारों के लिए भी ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता अथवा शिकायत के लिए 1950 हेल्पलाइन नंबर का उपयोग किया जा सकता है। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सतत रूप से जारी है तथा प्रशासन का लक्ष्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments