अपराध पर सख्ती, पीड़ित को समय पर न्याय और निष्पक्ष जांच हो सुनिश्चित : एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस
एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने ली अपराध समीक्षा बैठक. थाना प्रबंधकों, चौकी इंचार्जों व पर्यवेक्षण अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश
BOL PANIPAT , 11 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधकों, क्राइम युनिट प्रभारियों और चौकी इंचार्जों के साथ महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिले की कानून एवं व्यवस्था, अपराध की स्थिति तथा दर्ज मुकदमों में की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बैठक में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने, लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने तथा थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट एवं कड़े दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस, डीएसपी मुख्यालय मुकेश कुमार, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी नवीन संधू, डीएसपी आत्माराम, डीएसपी प्रणय कुमार, डीएसपी विकास सहित जिले के सभी थाना प्रबंधक, क्राइम युनिट प्रभारी और चौकी इंचार्ज मौजूद रहें।
महिला विरुद्ध अपराधों में देरी बर्दाश्त नहीं, तय समय में पूरी करें जांच
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की जांच और निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। थाना प्रबंधक ऐसे मामलों की स्वयं निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि पीड़ित को समय पर उचित न्याय मिले।
उन्होंने कहा कि किसी भी दर्ज मुकदमे की जांच को बिना ठोस कारण लंबे समय तक लंबित न रखा जाए। निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय में कार्रवाई पूरी कर चालान माननीय न्यायालय में पेश किया जाए। जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
रात की गश्त और नाकाबंदी को बनाएं और प्रभावी, संदिग्धों की करें गहन जांच
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने सभी थाना प्रबंधकों और चौकी इंचार्जों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में रात के समय प्रभावी गश्त और नाकाबंदी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश देते हुए कहा गश्त और नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों तथा व्यक्तियों की गहनता से जांच की जाए। अपराध संभावित स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी धरातल पर दिखाई देनी चाहिए, ताकि अपराधियों में पुलिस का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।
थाना-चौकी में शिकायतकर्ता से करें शालीन व्यवहार, हर शिकायत पर हो त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि थाना और चौकी में शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ शालीन, संवेदनशील और नैतिकतापूर्ण व्यवहार किया जाए। शिकायतकर्ता की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना जाए और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जाए। किसी भी शिकायतकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं के साथ पुलिस के व्यवहार और शिकायत पर की गई कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की टीम द्वारा पीड़ितों से फोन के माध्यम से संपर्क कर फीडबैक भी लिया जा रहा है। शिकायत चाहे ऑनलाइन प्राप्त हुई हो, ऑफलाइन दी गई हो अथवा उच्च अधिकारियों के कार्यालय के माध्यम से भेजी गई हो, प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आदतन अपराधियों पर रखें पैनी नजर, पीओ और बेल जंपरों की गिरफ्तारी में लाएं तेजी
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने थाना प्रबंधकों व चौकी इंचार्जों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र के आदतन और सक्रिय अपराधियों पर विशेष नजर रखें। समय-समय पर उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जाए और संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने उद्घोषित अपराधियों, पीओ और बेल जंपरों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मुकदमों में बकाया आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। किसी भी आपराधिक वारदात की सूचना मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी अथवा चौकी इंचार्ज तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए हरसंभव प्रयास किया जाए। प्रत्येक पुलिस अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करे।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, ईमानदारी और अनुशासन से करें ड्यूटी
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने अधिकारियों को पुन: स्पष्ट शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अनुशासन में रहकर पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी करें। उन्होंने थाना प्रबंधकों और चौकी इंचार्जों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इस संबंध में स्पष्ट निर्देश देने को कहा। भ्रष्टाचार अथवा गलत आचरण की शिकायत मिलने पर जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, हर स्तर पर हो प्रभावी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बैठक में थाना प्रबंधकों, क्राइम युनिट प्रभारियों एवं चौकी इंचार्जों को कड़े निर्देश दिए कि अपने सभी सोर्स एक्टिव कर नशा तस्करों, सप्लायरों और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करें। नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करते हुए युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

अपहृत लकड़ी ठेकेदार को सकुशल छुड़ाने वाली पुलिस टीम सम्मानित
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस दौरान अपरहृत लकड़ी ठेकेदार को सकुशल छुड़ाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में थाना मतलौडा प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश, सब इंस्पेक्टर महाबीर, सब इंस्पेक्टर बलराज, एएसआई दलेल, एएसआई युधिष्ठर, सिपाही सुमित, सिपाही प्रदीप एवं सिपाही सुरजीत शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस दौरान टीम की तत्परता, साहस और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

Comments