Monday, July 13, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स ने 28वां स्थापना दिवस मनाया

By LALIT SHARMA , in Business , at July 13, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : पानीपत,13 जुलाई, 2026 : इंडियनऑयल के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, पानीपत रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स ने 12 जुलाई, 2026 को अपना 28वां स्थापना दिवस बहुत उत्साह और गर्व के साथ मनाया। इस दिन की खास शुरुआत टाउनशिप में एक ‘प्रभात फेरी’ के साथ हुई, जिसे एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्कूली छात्रों सहित 300 से ज़्यादा टाउनशिप निवासियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रभात फेरी का समापन रोज़ गार्डन में वृक्षारोपण समारोह के साथ हुआ, जो पर्यावरण स्थिरता के प्रति रिफाइनरी की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

पानीपत नेफ्था क्रैकर के मुख्य नियंत्रण कक्ष में केक कटिंग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एम. एल. डहरिया के साथ साथ अजय कैला, कार्यकारी निदेशक (कोर ग्रुप), मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ नेतृत्व और ओफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद थे | इस अवसर पर, रिफाइनरी के कुछ अधिकारियों ने पानीपत रिफाइनरी में अपने पिछले कार्यकाल की यादें और उन्हें हुई कठिनाइयों व सीखों को साझा किया। अनुभव साझा करने की इस प्रक्रिया ने समारोह में मौजूद सभी PRPC सदस्यों को प्रेरित किया । इस मौके पर, चेयरमैन ए. एस. साहनी और निदेशक (रिफाइनरीज) अरविंद कुमार के संदेश क्रमशः अजय कैला और सुधांशु शेखर, मुख्य महाप्रबंधक द्वारा पढ़कर सुनाए गए।

सभा को संबोधित करते हुए, एम. एल. डहरिया ने टीम रिफाइनरी को उनके अटूट समर्पण के लिए बधाई दी और पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को एक तकनीकी बेंचमार्क के रूप में स्थापित करने में सभी पूर्व एवं वर्तमान कर्मियों की सराहना की। उन्होंने प्रोजेक्ट को पूरा करने के दौरान सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया और टीम को P25 को समय पर और सुरक्षित रूप से शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

शाम को टाउनशिप में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्रों और विदुषी क्लब की सदस्यों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे यह दिन यादगार बन गया।

रिफाइनरी दिवस के अवसर पर, रिफाइनरी में कार्यरत लगभग 30 से 35 हजार संविदा कर्मियों को मिठाई बांटकर इस शुभ दिन की खुशियाँ साझा की गयी |

Comments


Leave a Reply