नशे को समाप्त करने के लिए समाज, परिवार, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
नशा मुक्त को जन आंदोलन बनाने की तैयारी, उपायुक्त ने दिए ठोस निर्देश
पानीपत में नशे के खिलाफ निर्णायक पहल, उपायुक्त बोले—हर व्यक्ति बने अभियान का सहभागी
सामाजिक संस्थाओं की पहल को उपायुक्त का समर्थन, नशा मुक्ति अभियान होगा जमीनी स्तर पर लागू
BOL PANIPAT , 13 जुलाई। हरियाणा सरकार के नशा मुक्ति हरियाणा अभियान को जिले में जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में सोमवार को जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ से मुलाकात कर अभियान को प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर पर लागू करने का आग्रह किया।
उपायुक्त ने डॉ हरीश ने प्रतिनिधियों के सुझावों की सराहना करते हुए अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। संस्थाओं की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे एडवोकेट संदीप जिंदल ने उपायुक्त को बताया कि हाल ही में चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित नशा मुक्ति हरियाणा कार्यक्रम में पानीपत से लगभग 50 सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की थी। कार्यक्रम में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरण और समाज की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
संदीप जिंदल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान दो महत्वपूर्ण सुझाव प्रमुख रूप से सामने आए। पहला, प्रत्येक वार्ड स्तर पर नशा मुक्ति समितियों का गठन किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान, निगरानी और जनसंपर्क को प्रभावी बनाया जा सके। दूसरा, इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जन-जन की भागीदारी से जनआंदोलन का रूप दिया जाए, जिससे समाज का प्रत्येक वर्ग नशे के खिलाफ एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभाए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने चंडीगढ़ कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे प्रतिनिधिमंडल के साथ समीक्षा बैठक करते हुए उनके उत्साह और सामाजिक सरोकार की सराहना की। उन्होंने इसके लिए समाज, परिवार, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अभियान को वार्ड स्तर तक पहुंचाने की कार्य योजना तैयार की जाए तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर संचालित किया जाए। साथ ही स्थानीय समितियों के गठन, विद्यालयों और कॉलेजों में जागरूकता गतिविधियों तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि 21 जुलाई को आर्य कॉलेज सभागार में नशा मुक्त हरियाणा को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा उस दिन पौधारोपण भी होगा। उपायुक्त ने कहा कि केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज के भविष्य से जुड़ा संकल्प है। जब तक प्रत्येक नागरिक इसकी जिम्मेदारी नहीं निभाएगा, तब तक अपेक्षित सफलता संभव नहीं है। प्रशासन सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर इस अभियान को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचाएगा तथा इसे जनआंदोलन का स्वरूप देकर नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।

Comments