अंत्योदय मेलों से हजारों पात्र परिवारों तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की सीधी सौगात: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
26 जुलाई को समालखा में लगेगा अंत्योदय मेला, लाभार्थियों तक योजनाओं का मिलेगा त्वरित लाभ: एसडीएम समालखा अमित कुमार
हर पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
समालखा में अंत्योदय मेले की तैयारियां तेज, विभागों को सौंपीं जिम्मेदारियां
BOL PANIPAT , 23 जुलाई। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (एमएमएपीयूवाई) 2.0 के तहत 26 जुलाई को समालखा एसडीएम कार्यालय में आयोजित होने वाले प्रथम चरण के अंत्योदय मेले की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस चरण में समालखा विधानसभा क्षेत्र को शामिल किया गया है, जहां पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है तथा प्री-मेला काउंसलिंग के माध्यम से पात्र परिवारों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक लाभार्थी को उसकी पात्रता के अनुरूप योजनाओं से जोडऩे में पूरी गंभीरता बरती जाए, ताकि अंत्योदय मेले वास्तव में जनकल्याण का प्रभावी माध्यम बन सकें।
एसडीएम समालखा अमित कुमार ने कहा कि 26 जुलाई को आयोजित होने वाले अंत्योदय मेले की सभी तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और लाभार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक पात्र परिवार को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि मेले में आने वाला प्रत्येक लाभार्थी संतुष्ट होकर लौटे तथा उसे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने पात्र परिवारों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेले में पहुंचकर अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
गौरतलब है कि मिशन निदेशक, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, हरियाणा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लगभग 3000 पात्र परिवारों की सूची एमएमएपीयूवाई पोर्टल के माध्यम से संबंधित जिलों को उपलब्ध कराई जाएगी। इन परिवारों से मेले से पहले संपर्क कर उन्हें योजनाओं की जानकारी देने, परामर्श प्रदान करने तथा मेले में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ध्यान रहे कि मेले में विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों की ओर से स्वरोजगार, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, बागवानी, ग्रामीण विकास, रोजगार, एमएसएमई, उद्योग, शहरी निकाय, रेडक्रॉस सहित अनेक योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों को उपलब्ध कराया जाएगा। लाभार्थियों के पंजीकरण एवं योजना चयन की प्रक्रिया एमएमएपीयूवाई मोबाइल एप के माध्यम से की जाएगी।

Comments