देश हित हमारी प्राथमिकता, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचाना चाहिए : केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल
दिशा बैठक में विकास योजनाओं की गहन समीक्षा. आँगन वाड़ी में अटेंडेंस पूरी नहीं होने पर होगी कार्रवाई.सर्वे के आधार पर होगा मूल्यांकन. उपायुक्त डॉ हरीश ने मंत्री का बुक्के देकर स्वागत किया
BOL PANIPAT , 25 जुलाई। केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री एवं करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनोहर लाल ने कहा कि देश हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आंगन बड़ी विभाग में अटेंडेंस पूरी नहीं होगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर सर्वे करवाया जा रहा है।
उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देश अनुसार योजनाओं की प्रगति पर और तेजी से कार्य किया जाएगा।
शनिवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न विभागों की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। बैठक में 20 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई तथा पिछली दिशा बैठक में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई का भी मूल्यांकन किया गया।
बैठक से पूर्व उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा सरकार के पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा तथा राज्यसभा सांसद संजय भाटिया का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों तक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग नियमित रूप से योजनाओं की समीक्षा करे और तय समय सीमा में लक्ष्यों को पूरा करे। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने के लिए लगातार सर्वे कराए जा रहे हैं और जहां भी कमियां मिलेंगी, वहां तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में नेशनल डेयरी विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। इसके बाद शिक्षा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री पोषण (मिड-डे मील) योजना तथा समग्र शिक्षा अभियान की प्रगति प्रस्तुत की गई। केंद्रीय मंत्री ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। मिड-डे मील योजना से जुड़े मामलों पर उन्होंने संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन तथा आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
केंद्रीय मंत्री ने एंबुलेंस सेवाओं के लिए प्रभावी नीति बनाकर लागू करने का सुझाव दिया ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुविधा मिल सके।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने, घर-घर स्वास्थ्य जांच अभियान चलाने, ब्लॉक स्तर तक शिविर आयोजित करने तथा प्रत्येक अभियान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और डिजिटल बनाया जाए ताकि पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचे। इस दौरान उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने भी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव मंत्री दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री जनधन योजना तथा सुकन्या समृद्धि योजना की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी तथा निर्देश दिए कि संबंधित निदेशालय को नियमित रूप से रिपोर्ट भेजी जाए। उन्होंने विशेष रूप से 10 वर्ष से कम आयु की सुकन्या समृद्धि योजना से जुड़ी बालिकाओं की संख्या की जानकारी भी मांगी।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा जाए और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
विकास एवं पंचायत विभाग तथा जिला परिषद द्वारा ग्राम पंचायत विकास योजना और राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान की प्रगति प्रस्तुत की गई। केंद्रीय मंत्री ने ग्राम स्तर पर दिए जा रहे प्रशिक्षण, स्वीकृत अनुदान तथा विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पंचायतों में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण विकास विभाग ने विकसित भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण तथा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की प्रगति से अवगत कराया। केंद्रीय मंत्री ने योजनाओं के लिए प्राप्त धनराशि और उसके उपयोग की जानकारी ली। राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने जीटी रोड पर सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने तथा आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में दूरसंचार विभाग द्वारा भारतनेट परियोजना की समीक्षा प्रस्तुत की गई। केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने तथा इंटरनेट सेवाओं का विस्तार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी तथा पीएम स्वनिधि योजना के कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने, पात्र रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लंबित आवास मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने एकीकृत बाल विकास सेवा योजना तथा मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण अभियान की प्रगति प्रस्तुत की। बैठक में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा आंगनवाड़ी सेवाओं को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब सभी विभाग समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, शहरी विधायक प्रमोद विज, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, मेयर कोमल सैनी, जिला परिषद चेयरमैन ज्योति शर्मा, उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, एडीसी अंकित चौकसे, सीईओ डॉ. किरण, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, ईओ प्रतीक हुड्डा, डीडीपीओ राजेश शर्मा, एसई धर्म सिहाग, सीएमओ डॉ. विजय मलिक, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, डीडीए बलवंत सहारण, फिशरी अधिकारी अनुज कुमारी,रोशन माहला, ब्लॉक समिति चेयरमैन मीना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments