Tuesday, July 28, 2026
Newspaper and Magzine


मिसिंग सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर रेखा ने स्कूल में छात्र-छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, बाल विवाह एवं नशे के दुष्प्रभावों की दी विस्तृत जानकारी

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 28, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT 28 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मिसिंग सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर रेखा ने मंगलवार को अपनी टीम के साथ तहसील कैंप स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर रेखा ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशे के दुष्प्रभावों, बाल विवाह तथा कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इंस्पेक्टर रेखा ने कहा कि छात्राएं किसी भी प्रकार के डर या संकोच में न रहें। यदि स्कूल, कॉलेज अथवा किसी अन्य स्थान पर कोई उनके साथ छेड़छाड़ करता है, अभद्र टिप्पणी करता है, पीछा करता है या किसी भी प्रकार से परेशान करता है, तो इसकी जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को दें। उन्होंने छेड़छाड़, स्टॉकिंग, घरेलू हिंसा, साइबर उत्पीड़न, अश्लील संदेश भेजने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने जैसे अपराधों की जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी कानूनन दंडनीय अपराध हैं। उन्होंने छात्राओं से निर्भीक होकर ऐसी घटनाओं की सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया और कहा कि प्रत्येक शिकायत पर पानीपत पुलिस संवेदनशीलता, गोपनीयता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करती है।

बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति एवं कानूनन अपराध

इंस्पेक्टर रेखा ने विद्यार्थियों को बताया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय अपराध भी है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस अथवा संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

जागरूक एवं सतर्क रहकर साइबर अपराध से बचें

इंस्पेक्टर रेखा ने छात्र-छात्राओं को बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, मैसेज, सोशल मीडिया, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेम, केवाईसी अपडेट, निवेश, नौकरी तथा लॉटरी के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक एवं सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड का विवरण अथवा पासवर्ड साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने से समय रहते धनराशि सुरक्षित कराई जा सकती है।

नशे से दूर रहने का किया आह्वान

इंस्पेक्टर रेखा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रहें तथा खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों को अपनाएं। यदि किसी क्षेत्र में नशा बेचने अथवा नशे का सेवन किए जाने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने युवाओं से स्वयं जागरूक बनने तथा अन्य लोगों को भी नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका इंस्पेक्टर रेखा एवं उनकी टीम ने विस्तारपूर्वक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

Comments


Leave a Reply