Wednesday, August 5, 2026
Newspaper and Magzine


कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने झोंकी पूरी ताकत, युद्धस्तर पर संवारे गए प्रमुख मार्ग : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 5, 2026 Tags: , , , , ,

सुरक्षित और सुगम कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन का बड़ा अभियान, सडक़ से रोशनी तक पुख्ता इंतजाम

डीसी और एसपी ने संभाली कमान, कांवडिय़ों की सुविधा के लिए हर मोर्चे पर तैयार

सेवा, सुरक्षा और सुगमता पर फोकस, कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की व्यापक तैयारियां पूरी

BOL PANIPAT , 5 अगस्त। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। प्रशासन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ हर व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहा है। असंध मार्ग, गोहाना-रोहतक मार्ग तथा हरिद्वार-सनौली मार्ग सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों को युद्धस्तर पर दुरुस्त किया गया है, जिससे डाक कांवड़ और पैदल कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    प्रशासन द्वारा जहां-जहां सडक़ें क्षतिग्रस्त थीं, उन्हें तत्काल मरम्मत कर सुचारु बनाया गया है। मार्गों पर मौजूद छोटे कटो को बंद किया गया है तथा साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाकर पूरे रूट को व्यवस्थित किया गया है। जिन स्थानों पर सुधार की आवश्यकता थी, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा कराया गया है। कांवड़ मार्गों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया गया है तथा आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें भी लगाई गई हैं। हाल ही में तैयार हुए नए पुलों को भी यातायात के लिए खोल दिया गया है, ताकि कांवड़ यात्रियों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहे।

प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्गों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह दो बार प्रमुख मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर चुके हैं, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे एवं एसडीएम मनदीप सिंह ने भी अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों ने तेजी से कार्य करते हुए मार्गों की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया है। कांवडिय़ों की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे शिविरों के संचालकों को भी स्वच्छता बनाए रखने, पेयजल, चिकित्सा सहायता, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है। सभी विभाग समन्वय के साथ  कार्य कर रहे हैं। मार्गों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन सहित प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा यातायात संचालन के लिए विशेष योजना लागू की गई है। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। आमजन से भी यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर कराया गया। प्रशासन का प्रयास है कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर अनुभव प्राप्त हो।

एसडीएम मनदीप सिंह ने कहा कि कांवड़ मार्गों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। शिविर संचालकों, नगर निकाय और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Comments


Leave a Reply