नशे के खिलाफ पानीपत पुलिस का जागरूकता अभियान, सनौली रोड पर कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं को किया जागरूक
BOL PANIPAT , 08 अगस्त : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में पानीपत पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पानीपत पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने सनौली रोड पर विभिन्न कांवड़ शिविरों में पहुंचकर श्रद्धालुओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं से बातचीत करते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। नशे की लत व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से कमजोर करने के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक समस्याओं की ओर भी धकेलती है। नशे के कारण युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित होने के साथ-साथ अपराध की घटनाओं को भी बढ़ावा मिलता है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, आसपास के युवाओं और अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें।
अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने श्रद्धालुओं से कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और भाईचारे का संदेश देती है। श्रद्धालु इस दौरान समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने परिवार और आसपास के युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोग मिलकर प्रयास करें तो नशे की समस्या पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने नशामुक्त समाज बनाने में पुलिस का सहयोग करने तथा स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। पानीपत पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Comments