Sunday, April 26, 2026
Newspaper and Magzine


महिला के गले से चेन चोरी करने वाली आरोपी गिरफ्तार.75 हजार रुपए बरामद.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at April 26, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 26 अप्रैल: सीआईए टू पुलिस ने पाथरी माता मेले में महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने वाली आरोपी महिला को पाथरी गांव में बस अड्डा से गिरफ्तार किया। आरोपी महिला की पहचान गांव नन्हेडी फतेहाबाद हाल किरायेदार वधावाराम कॉलोनी निवासी राजो उर्फ लाजो के रूप में हुई है।

सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि शनिवार को उनकी टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि पाथरी गांव में बस अड्डे पर संदिग्ध किस्म की एक महिला किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रही है। टीम में महिला कांस्टेबल पूजा को शामिल कर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर महिला को काबू किया। पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान राजो उर्फ लाजो पत्नी रणजीत निवासी नन्हेडी फतेहाबाद हाल किरायेदार वधावाराम कॉलोनी के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर महिला ने 1 अप्रैल को पाथरी माता मेले में एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकारा। चोरी की वारदात बारे थाना मतलौडा में बिंझौल निवासी सोनू पुत्र प्रेम सिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।

गांव बिंझौल निवासी सोनू ने उरलाना चौकी में पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 1 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10 बजै अपनी पत्नी रीना देवी के साथ पाथरी माता मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए आया था। उसकी पत्नी ने गले में डेढ तोले सोने की चेन पहनी हुई थी। मंदिर में काफी भीड़ थी। वह पूजा अर्चना करके मंदिर से बाहर आए तो चेन गायब थी। भीड़ का फायदा उठाते हुए किसी अज्ञात ने उसकी पत्नी के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। थाना मतलौडा में सोनू की शिकायत पर बीएनएस की धारा 305 के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपी पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।

शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए चेन चोरी की

प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया उसने शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए मंदिर में महिला के गले से चेन चोरी की। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया उसने महिला के गले से चोरी की सोने चेन मेले में ही एक अज्ञात युवक को 1 लाख 20 हजार रूपए में बेचकर कुछ पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से बचे 75 हजार रूपए बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी महिला को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

Comments


Leave a Reply