सर्व कल्याण मंच की मुहिम “एक राखी–एक पेड़” के तहत बसेड़ा गांव में पौधारोपण
BOL PANIPAT : 25 अगस्त–सर्व कल्याण मंच द्वारा शुरू की गई पर्यावरण संरक्षण की मुहिम “एक राखी–एक पेड़” के तहत रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को बसेड़ा गांव में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने ग्रामीण महिलाओं के साथ मिलकर दर्जनों औषधीय एवं छायादार पौधे लगाए।
इस दौरान महिलाओं ने पौधों को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनकी सुरक्षा, देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
पौधे लगाकर रक्षा का लिया संकल्प
जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। जिस प्रकार भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है, उसी प्रकार हमें भी प्रकृति की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सर्व कल्याण मंच की “एक राखी–एक पेड़” मुहिम समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की प्रेरणादायक पहल है और हर परिवार को अपने विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
इन पौधों का हुआ रोपण
अभियान के तहत गांव के सार्वजनिक स्थलों एवं विद्यालय परिसर में नीम, पीपल, बरगद, आंवला और जामुन सहित दर्जनों फलदार व छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में गांव की अनेक महिलाओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प दोहराया।

Comments