बाल भवन में हर्षोल्लास से मनाया रक्षाबंधन उत्सव
BOL PANIPAT , 27 अगस्त। पानीपत। बाल भवन में रक्षाबंधन उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ की धर्मपत्नी अनु वत्स ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि जिला बाल कल्याण अधिकारी रितु राठी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने स्वयं सुंदर-सुंदर राखियां तैयार कीं और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने मंच पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से बच्चों की डांस प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
अनु वत्स ने बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, सम्मान और सुरक्षा का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि बाल भवन में बच्चों ने जिस उत्साह और रचनात्मकता के साथ राखियां तैयार कीं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वह बेहद सराहनीय है। विशेष बच्चों ने जिस आत्मविश्वास के साथ मंच पर डांस प्रस्तुत किया, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है। इन बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की।
जिला बाल कल्याण अधिकारी रितु राठी ने कहा कि बाल भवन में रक्षाबंधन उत्सव का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और त्योहारों से जोडऩा तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। आज के महोत्सव में मेहंदी कंपटीशन राखी मेकिंग कंपटीशन और नुक्कड़ नाटक की प्रतियोगिताएं रखी गई।उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपनी मेहनत और उत्साह से सुंदर राखियां बनाईं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। विशेष बच्चों की शानदार डांस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बाल भवन बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Comments