युवक की पीटकर हत्या करने के तीसरा आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 28 अगस्त : सीआईए वन पुलिस टीम ने इंद्रा विहार कॉलोनी निवासी सोनू (26) की पीटकर हत्या करने के तीसरे आरोपी को वीरवार शाम को सेक्टर 13/17 में ग्राउंड से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विजय नगर निवासी अलताफ के रूप में हुई है।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी अलताफ ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने साथी आरोपी विजय नगर निवासी तुषार और हरि सिंह कॉलोनी निवासी विजय उर्फ बिल्लू के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। आरोपी तुषार व विजय उर्फ बिल्लू ने पूछताछ में पुलिस को बताया था सोनू ने उनसे 10 हजार रुपए 10 प्रतिशत ब्याज पर लिए थे। सोनू रुपए और ब्याज वापस नहीं कर रहा था। रुपए मांगने पर वह उनके साथ गाली-गलौज करता था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था उन दोनों ने विजय नगर निवासी अपने दोस्त अलताफ के साथ मिलकर साजिश रची और तीनों 13 अगस्त को सोनू को उसके घर के बाहर से जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर विजय नगर ले गए, वहा मारपीट की। मारपीट से सोनू की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद वे तीनों उसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने बुधवार को आरोपी तुषार व विजय उर्फ बिल्लू को माननीय न्यायालय में पेश कर जहा से आरोपी विजय उर्फ बिल्लू को न्यायायिक हिरासत जेल भेज दिया था और आरोपी तुषार को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था।
प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने आरोपी तुषार व अलताफ के कब्जे से डायरी व वारदात में प्रयुक्त बाइक व प्लास्टिक पाइप बरामद कर शुक्रवार को आरोपी तुषार को रिमांड अवधी पूरी होने पर व आरोपी अलताफ को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
यह है मामला
थाना तहसील कैंप में जींद के नीमनाबाद गांव निवासी सुलतान ने शिकायत देकर बताया था कि उसका साला सोनू इंद्रा विहार कॉलोनी में रहता था। 13 अगस्त को तुषार और बिल्लू अपने अन्य साथियों के साथ सोनू के घर पहुंचे और उसे जबरदस्ती उठाकर ले गए। सोनू की आंखों पर पट्टी बांधी और किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। परिजन सोनू को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां से 16 अगस्त को उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 23 अगस्त को सोनू की मौत हो गई। सुलतान की शिकायत पर थाना तहसील कैंप में हत्या की धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी।

Comments