युवक पर गंडासी व लाठी डंडों से जानलेवा हमला के दो आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 31 अगस्त : थाना बापौली पुलिस ने गांव खोजकीपुर कला में युवक पर गंडासी व लाठी, डंडों से जानलेवा हमला करने के दो आरोपियों को रविवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव खोजकीपुर कला निवासी पीतम व पंकज के रूप में हुई है।

थाना बापौली प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि थाना बापौली में गांव खोजकीपुर खुर्द निवासी विशाल पुत्र राजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह पढ़ाई करता है। 27 अगस्त को वह किसी काम से गांव खोजकीपुर कलां गया था। इसी दौरान गांव खोजकीपुर कला निवासी प्रीतम उर्फ बढा, पवन, वंश व पंकज ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपी प्रीतम उर्फ बढ़ा ने उसके सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया। आरोपी पवन, वंश और पंकज ने लाठी-डंडों से उसकी बुरी तरह पिटाई की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की कोशिश की। थाना बापौली में विशाल की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपने दो फरार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी पीतम ने पुलिस को बताया उसकी एक दिन पहले विशाल के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसकी रंजिश रखते उन्होंने उक्त वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक डंडा और एक गंडासी बरामद कर दोनों आरोपियों को सोमवार को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Comments