Friday, September 11, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत जिले में विभिन्न क्षेत्रों में सांख्यिकीय सर्वेक्षण किए जाएंगे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 11, 2026 Tags: , , , , ,

जनता एवं उद्यमियों से सर्वेक्षण टीमों को सही जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील

BOL PANIPAT, 11 सितंबर। भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग) द्वारा सितंबर 2026 के दौरान पानीपत जिले में धनसौली, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया, बापौली, पानीपत के सनौली रोड, वार्ड नंबर 20 व 24 तथा बाबरपुर गांव में विभिन्न सांख्यिकीय सर्वेक्षण किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों का उद्देश्य देश में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्रित करना है।

उपायुक्त डाक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया की भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकाय प्रभाग) द्वारा वर्ष 1950 से परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से विभिन्न प्रकार की महत्वपूर्ण सांख्यिकीय सूचनाएं एकत्रित की जा रही हैं। इन आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर योजनाओं के निर्माण तथा नीतियों के निर्धारण में किया जाता है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय करनाल की उपनिदेशक श्रेया अग्रवाल ने बताया कि सितंबर 2026 के दौरान हरियाणा के विभिन्न जिलों में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण उपभोक्ता मूल्य सूचकांक, राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण तथा कृषक परिवारों की स्थिति का आंकलन सर्वेक्षण सहित विभिन्न सर्वेक्षण किए जाएंगे। इसके अलावा उद्यम सर्वेक्षणों के अंतर्गत थोक मूल्य सूचकांक, उद्योगों का वार्षिक सर्वेक्षण, असंगठित सेवा उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण  तथा नियमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण आदि सर्वेक्षण भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन सर्वेक्षणों के लिए राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी एवं सर्वेक्षक चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों से संपर्क करेंगे।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार सर्वेक्षण के दौरान परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से प्राप्त सभी सूचनाओं को पूर्णत: गोपनीय रखा जाता है। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले परिवारों अथवा प्रतिष्ठानों की पहचान किसी रिपोर्ट या प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं अनुसंधान संबंधी उद्देश्यों के लिए किया जाता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने नागरिकों एवं उद्यमियों से अपील की है कि सर्वेक्षण के लिए संपर्क करने वाले अधिकृत अधिकारियों एवं सर्वेक्षकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा मांगी गई सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं। नागरिकों की सहभागिता से प्राप्त आंकड़े देश के बेहतर योजना निर्माण, नीति निर्धारण और विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

Comments


Leave a Reply