Sunday, September 13, 2026
Newspaper and Magzine


युवा शक्ति और रचनात्मकता का संगम: आर्य कॉलेज में हुआ भव्य टैलेंट हंट का आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 12, 2026 Tags: , , , ,

– दुनिया में होगा नाम म्हारे हरियाणे का,  आँखे खुली हो या हो बंद, पडगे-पडगे-पडगे गाला में रूक्के

  पडगे नृत्य पर थिरक उठा सभागार

– सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से सफलता की राह होती है आसानडॉ. गुप्ता

– प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता, डॉ. अनुराधा सिंह व डॉ. रामनिवास ने विजेता प्रतिभागियों को बांटे पुरस्कार

BOL PANIPAT, शनिवार 12 सितंबर 2026, जीटी रोड स्थित आर्य पीजी कॉलेज के ओ.पी. शिंगला सभागार में शनिवार को प्रतिभा खोज कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता  एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने शिरकत की। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता, उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह, सांस्कृतिक गतिविधियों के डायरेक्टर डॉ. रामनिवास सिंह सहित अन्य स्टॉफ सदस्यों ने ओ.पी. शिंगला सभागार में प्रतिभा खोज कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया और विजेता प्रतिभागियों को  पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कॉलेज प्रबंधन समिति के प्रधान सुरेंद्र शिंगला ने अपने संदेश में कहा कि मंच के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला निखारने का अवसर मिलता है। महाविद्यालय की प्रबंधक समिति का हमेशा यही प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समिति शैक्षणिक, खेल-कूद व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए हर प्रकार की सुविधा कॉलेज में उपलब्ध करवाए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आज आर्य पीजी कॉलेज व युवा एवं सांस्कृतिक विभाग, कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र के निर्देशानुसार प्रतिभा खोज कार्यक्रम का आयोजन करवाया गया। महाविद्यालय के ओ.पी. शिंगला सभागार में कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। आवश्यकता है तो केवल उसे पहचानने, निखारने और उचित मंच प्रदान करने की। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। चुनौतियां और असफलताएं व्यक्ति को कमजोर करने के बजाय सीखने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। यदि विद्यार्थी आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त की जा सकती है। 

उन्होंने कहा कि मंच पर न केवल विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व का भी विकास होता है। साथ ही महाविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।  उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत व प्राध्यापकों के कुशल मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि महाविद्यालय पिछले 20 वर्षों से जोनल यूथ फेस्टिवल में ओवरऑल ट्रॉफी विजेता रहा है। पिछले 10 वर्षों से महाविद्यालय की टीम ने इंटर जोनल युवा महोत्सव में भी ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की है। और गत 7 वर्षों से कॉलेज के इन प्रतिभावान विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी व अतंरराष्ट्रीय साहू फेस्ट में अपना दबदबा कायम किया हुआ है। वहीं उन्होंने बताया कि आर्य महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र की ओर से कई बार भारत देश का प्रतिनिधित्व करते हुए साउथ एशियन इंटर यूनिवर्सिटी कंपीटिशन में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष आर्य कॉलेज ने इटर जोनल युवा महोत्सव का भी शानदार आयोजन भी करवाया था। अपने संबोधन के अंत में प्राचार्य ने डॉ.जगदीश गुप्ता ने कॉलेज के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निदेशक डॉ. रामनिवास, प्रभारी डॉ. नीलु खालसा सहित अन्य स्टाफ सदस्यों को कार्यक्रम के सफल आयोजन की बधाई दी।

विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करते हुए उपचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता और प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और निखारने की है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत से अधिक महत्वपूर्ण प्रतिभागिता, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास है।

महाविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निदेशक डॉ. रामनिवास ने बताया कि अगले माह करनाल जोन के जोनल यूथ फेस्टिवल का आयोजन होना है। जिसमें हमारे विद्यार्थी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। हमारे कॉलेज के विद्यार्थी पिछले एक माह से जोनल यूथ फेस्टिवल की तैयारियों में दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

प्रतिभा खोज कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने लाजवाब प्रस्तुतियां दी, हिंदी फिल्मी गानों से लेकर हरियाणवी, पंजाबी गानों से संस्कृति की छंटा बिखेरते हुए एक  से एक शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दुनिया में होगा नाम म्हारे हरियाणे का व  आँखे खुली हो या हो बंद नृत्य पर पूरा सभागार झूम उठा। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता व प्राध्यापकों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय मंच संचालन डॉ. विजय सिंह, डॉ. रजनी शर्मा एवं प्राध्यापिका गरिमा द्वारा किया गया।

यूं रहे प्रतिभा खोज कार्यक्रम के परिणाम….

नृत्य प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा खुशबू व बीए प्रथम वर्ष के छात्र वंश ने प्रथम स्थान, बीटीएम प्रथम वर्ष के छात्र गौरव व बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मुस्कान ने द्वितीय स्थान, वहीं, बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र हेमंत व बीए प्रथम वर्ष की छात्रा निधि ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

म्यूजिक वॉकल प्रतियोगिता में बीजेएमसी प्रथम वर्ष की छात्रा करिश्मा व स्नेहा ने प्रथम स्थान, बीबीए तृतीय वर्ष की छात्रा भावना व बीए प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य ने द्वितीय स्थान, वहीं, बीए प्रथम वर्ष की छात्रा श्रद्धा व काजल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

संगीत वादन की प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष के छात्र रिदम ने प्रथम स्थान व बीए तृतीय वर्ष के छात्र सन्नी ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में एम.कॉम. प्रथम वर्ष की छात्रा नेहा, बी.कॉम. तृतीय वर्ष के छात्र कुलदीप तथा बीए तृतीय वर्ष की छात्रा ईशिका की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा नंदिनी, बीबीए प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य जैन तथा बी.कॉम. तृतीय वर्ष के छात्र दिलशाद अंसारी की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा मनीषा, बी.कॉम. तृतीय वर्ष के छात्र वसु मित्तल तथा बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा सानिया की टीम ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

भाषण प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा दिव्या ने प्रथम स्थान, बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्र सागर ने द्वितीय स्थान तथा बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा नैन्सी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा भावना को उनके सराहनीय प्रदर्शन के लिए सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

कविता पाठ प्रतियोगिता में बीजेएमसी प्रथम वर्ष की छात्रा शाबया ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीजेएमसी द्वितीय वर्ष की छात्रा अंजली ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि बीजेएमसी तृतीय वर्ष के छात्र पुनीत ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पेटिंग प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा सोनिया ने प्रथम स्थान, बीबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा जंतिका ने द्वितीय स्थान, जबकि बीसीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अंशु एवं बीबीए प्रथम वर्ष की छात्रा तनिशा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

निर्णायक मंडल में डॉ.नीलू खालसा, प्रो.विवेक गुप्ता, डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. अशोक गुड्डू और प्रा. नरेश ने अहम भूमिका निभाई

इस अवसर पर कॉलेज से डॉ. मधु गाबा, डॉ.गीतांजली साहनी, डॉ. मीनल तालस, प्रो. उमेद, डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. बलकर सिंह, डॉ. शिखा गर्ग व डॉ. विजय सिंह सहित कालेज के सभी शिक्षक व गैर-शिक्षक वर्ग के सभी सदस्य मौजूद रहे। 

Comments


Leave a Reply