Wednesday, September 16, 2026
Newspaper and Magzine


भाईचारे और समानता को बढ़ावा दे रही मुख्यमंत्री सामाजिक अंतर्जातीय समरसता योजना: कैबिनेट मंत्री महीपाल ढांडा


अंतरजातीय विवाह सामाजिक एकता और समानता की मजबूत कड़ी

पानीपत ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र के 25 जोड़ों को 62.50 लाख रुपए की राशि की एफडी वितरित की और कुछ राशि संयुक्त खाते में जमा की

योजना का उद्देश्य अंतरजातीय विवाह करने वाले पात्र दंपतियों को प्रोत्साहन देना प्रमुख: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

BOL PANIPAT ,16 सितंबर। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बुधवार को जिला सचिवालय में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामाजिक अंतर्जातीय समरसता योजना के तहत पानीपत ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र के 25 जोड़ों को कुल 62.50 लाख रुपए की राशि की एफडी वितरित की और कुछ राशि संयुक्त खाते में जमा की।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि समाज में जात-पात की दीवारों को कमजोर करने और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने में ऐसी योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि अंतरजातीय विवाह केवल दो व्यक्तियों का वैवाहिक संबंध नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समानता और समरसता का संदेश भी है। मुख्यमंत्री सामाजिक अंतर्जातीय समरसता योजना के माध्यम से सरकार ऐसे दंपतियों को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को जातीय भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। जब समाज में आपसी सम्मान, समानता और भाईचारे की भावना मजबूत होगी।

सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे और सामाजिक बदलाव को प्रोत्साहन मिले। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सकारात्मक सोच और सहभागिता से मजबूत होती है। इस अवसर पर 25 जोड़ों को एफडी वितरित की गई। उन्होंने कहा कि 4.50 लाख के आसपास टैबलेट विद्यार्थियों के लिए तैयार करवाए हैं इससे उनकी शिक्षा में और मजबूती आएगी।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि मुख्यमंत्री सामाजिक अंतर्जातीय समरसता योजना का उद्देश्य अंतरजातीय विवाह करने वाले पात्र दंपतियों को प्रोत्साहन देना तथा समाज में जातीय भेदभाव को कम कर सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देना है। योजना के तहत पात्र दंपतियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वे अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत को मजबूती के साथ आगे बढ़ा सकें।

उपायुक्त ने कहा कि योजना सामाजिक समानता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पात्र लोगों से सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एसडीएम इसराना नवदीप नैन, समाज कल्याण अधिकारी जयपान हुड्डा, निरीक्षक विनोद, अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply