Thursday, September 17, 2026
Newspaper and Magzine


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 17, 2026 Tags: , , , , ,

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किया नवनिर्मित मडलौडा खंड कार्यालय भवन का उद्घाटन

2 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ आधुनिक दो मंजिला भवन, अधिकारियों के साथ आमजन को भी मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

BOL PANIPAT , 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आज क्षेत्रवासियों को विकास की एक महत्वपूर्ण सौगात मिली। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने 17 सितंबर 2026 को विकास एवं पंचायत विभाग के नवनिर्मित मडलौडा खंड कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। लगभग 2 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से तैयार यह दो मंजिला भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और इससे विभागीय कार्यों के साथ-साथ आमजन को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नवनिर्मित भवन में खंड के लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। भवन में विशेष रूप से लिफ्ट की व्यवस्था की गई है, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा अन्य लोगों को कार्यालय की विभिन्न मंजिलों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है नया कार्यालय भवन

भवन में ब्लॉक चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन सहित बीडीपीओ, एसडीओ तथा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कार्यालय बनाए गए हैं। इसके अलावा बैठकों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लगभग 300 लोगों की क्षमता वाला विशाल हॉल भी तैयार किया गया है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए नए फर्नीचर की व्यवस्था के साथ कार्यालय को आधुनिक एवं व्यवस्थित स्वरूप दिया गया है। भूतल पर बीडीपीओ कार्यालय तथा प्रथम तल पर एसडीओ कार्यालय स्थापित किए जाएंगे।

जनसुविधाओं और बेहतर प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन विभागीय कार्यों को अधिक सुचारु बनाने के साथ-साथ आमजन को सरकारी सेवाएं बेहतर एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर क्षेत्रवासियों को मिली यह सौगात विकास, जनसुविधा और बेहतर प्रशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपने कार्यों के लिए बेहतर कार्यालय सुविधाएं मिलें और विकास एवं पंचायत विभाग से संबंधित सेवाएं अधिक प्रभावी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध हों। यह नवनिर्मित भवन क्षेत्र के विकास को गति देने के साथ-साथ अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन के लिए एक आधुनिक एवं सुविधाजनक कार्यस्थल के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Comments


Leave a Reply