सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों को सिखाए आग से बचाव के गुर
फायर स्टेशन में 40 से अधिक विद्यार्थियों ने सीखी अग्नि सुरक्षा की बारीकियां
मॉक ड्रिल में विद्यार्थियों ने जाना आपात स्थिति में त्वरित बचाव का तरीका
अग्निशमन उपकरणों के संचालन का विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
BOL PANIPAT, 18 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को फायर स्टेशन में एशियन फायर कॉलेज के 40 से अधिक विद्यार्थियों के लिए अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में बचाव, राहत एवं त्वरित प्रतिक्रिया के साथ-साथ अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को ब्रीदिंग अपरेटस (बीए) सेट के संचालन, फायर टेंडर के उपयोग तथा फायर होज के इस्तेमाल एवं हैंडलिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने अग्निशमन उपकरणों के संचालन की प्रक्रिया को स्वयं समझा और आपातकालीन परिस्थितियों में किस प्रकार तत्परता से कार्रवाई की जाती है, इसका प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
फायर स्टेशन ऑफिसर गुरमेल सिंह ने बताया कि निदेशक, फायर एवं इमरजेंसी सर्विसेज, हरियाणा तथा उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले में विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत एक सप्ताह तक स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों और बच्चों की भागीदारी से अग्नि सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के भवनों एवं अन्य संस्थानों में भी एक माह तक अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को आग से बचाव के उपायों, अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा सुरक्षित निकासी के प्रति जागरूक करना है। प्रशिक्षण के दौरान सब ऑफिसर सुमित, सब ऑफिसर अमित गोस्वामी तथा लीडिंग फायरमैन विनोद ने विद्यार्थियों को विभिन्न अग्निशमन कार्यों, उपकरणों के संचालन और आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सावधानी और सूझबूझ से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
एशियन फायर कॉलेज के प्रिंसिपल परवीन ने फायर एवं इमरजेंसी सर्विसेज, हरियाणा की ओर से चलाए जा रहे अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को इस प्रकार का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलने से उनकी अग्नि सुरक्षा संबंधी समझ मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के लिए विभाग का आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने, आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार रहने तथा आग से बचाव और सुरक्षित निकासी के प्रति अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Comments