Sunday, September 20, 2026
Newspaper and Magzine


राज ओवरसीज के श्रमिकों को एचआईवी/एड्स व टीबी से बचाव का संदेश

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE HEALTH , at September 19, 2026 Tags: , , , , ,

समय पर जांच और उपचार से टीबी पर पाया जा सकता है नियंत्रण

BOL PANIPAT , 19 सितंबर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेक्टर-25 स्थित राज ओवरसीज में श्रमिकों एवं कर्मचारियों को एचआईवी/एड्स और क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों और कर्मचारियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक और लोक मीडिया के माध्यम से एचआईवी/एड्स एवं टीबी के लक्षण, बचाव, जांच, उपचार और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से दी गई। मनोरंजक एवं संवादात्मक माध्यम से दी गई जानकारी के जरिए लोगों को इन बीमारियों को लेकर व्याप्त भ्रांतियों से दूर रहने तथा समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी (टीबी-एचआईवी)जिला नियंत्रण अधिकारी ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स एवं टीबी के प्रति जागरूकता ही बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने में देरी नहीं करनी चाहिए। सही समय पर जांच और उपचार से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने एचआईवी/एड्स से संबंधित जानकारी, परामर्श एवं सहायता के लिए 1097 हेल्पलाइन और ब्रेनट्री प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि ये सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राज ओवरसीज प्रबंधन से टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा निक्षय मित्र बनकर जरूरतमंद टीबी मरीजों की सहायता करने का भी आह्वान किया। इसके साथ ही उपस्थित सभी श्रमिकों एवं कर्मचारियों से आभा आईडी बनवाने का अनुरोध किया गया, ताकि वे डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स एवं टीबी के प्रति जागरूक रहते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

Comments


Leave a Reply