स्कूल में विद्यार्थियों और सिविल अस्पताल में आमजन को किया नशे के खिलाफ जागरूक
विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए किया प्रेरित
BOL PANIPAT , 19 सितंबर: पानीपत पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाया जा रहा जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने शनिवार को लाल बत्ती चौक स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति स्कूल में विद्यार्थियों तथा सिविल अस्पताल परिसर में आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
युवा नशे को नहीं, अपने सपनों को चुनें;
नशा मुक्त अभियान की टीम ने इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया कि युवा शक्ति देश और समाज की ताकत है। इस ताकत को नशे में नहीं, शिक्षा, खेल और हुनर में लगाया जाना चाहिए। उन्हें समझाया गया कि नशा व्यक्ति के वर्तमान के साथ उसके भविष्य को कैसे प्रभावित करता है। टीम ने विद्यार्थियों को नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा पढ़ाई के साथ खेलों और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें।
सिविल अस्पताल में आमजन को नशे के खिलाफ किया जागरूक, नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित;
पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने इसी के साथ सिविल अस्पताल परिसर में आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। और आमजन से नशे से दूर रहने तथा युवाओं को भी नशे की गिरफ्त में आने से बचाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
पुलिस वाहन की स्क्रीन पर प्रदर्शित कर दिखाए नशे के दुष्प्रभाव;
इसके साथ ही टीम ने पुलिस वाहन पर लगी स्क्रीन पर नशे के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों को प्रदर्शित कर दिखाया कि नशे का सेवन व्यक्ति के स्वयं के शरीर को किस प्रकार प्रभावित करता है तथा इसका उसके परिवार और आसपास के समाज पर कितना प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
नशा मुक्त अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता ही इसकी रोकथाम का महत्वपूर्ण माध्यम है। परिवार और समाज के सहयोग से युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की कार्रवाई तक सीमित नहीं है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। पानीपत पुलिस द्वारा नशे की रोकथाम के लिए कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रमों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने आमजन से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की और नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने का आह्वान किया। और कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी।

Comments