पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें वृक्ष बनने तक संभालना भी जरूरी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
राज नगर में गूंजा हरियाली का संकल्प, ‘नैनो जंगल 33’ में हुआ भव्य पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत : विधायक प्रमोद विज
कम जगह में विकसित हो रहा घना जंगल, 2300 पौधों से संवरेगा राज नगर
BOL PANIPAT , 24 सितंबर। ‘ग्रीन पानीपत मिशन’ के तहत ‘नयी राह’ संस्था द्वारा राज नगर कच्चा फाटक स्थित ‘नैनो जंगल 33’ में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं संकल्प को समर्पित इस अभियान में पानीपत शहरी विधायक श्री प्रमोद विज और उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर वार्ड-17 की पार्षद रजनी सुरेंद्र गर्ग सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय निवासी और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शहरी विधायक प्रमोद विज द्वारा उपलब्ध करवाई गई पानी देने वाली गाड़ी का उद्घाटन राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संजय भाटिया की पत्नी अंजू भाटिया ने नारियल फोडक़र किया। उन्होंने लोगों से पौधों को केवल लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रमोद विज ने कहा कि पेड़-पौधे केवल धरती की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव भी रखते हैं। जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण की बढ़ती समस्या के बीच शहर के बीचों-बीच ‘नैनो जंगल’ जैसी पहल संजीवनी का काम करेगी। प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘लाइफ-लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट’ के संदेश को प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पानीपत को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा लगाए और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करे, तभी पौधारोपण अभियान वास्तव में सार्थक होगा।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। केवल पौधे लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल, सुरक्षा और उचित पोषण सुनिश्चित कर उसे वृक्ष का रूप देना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक पौधा आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रकृति की ओर से एक अनमोल उपहार है और इसकी जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पानीपत को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है, जनभागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे अपने घरों, कार्यालयों तथा उपलब्ध खाली स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं।
डॉ. हेमा रमन ने बताया कि नैनो जंगल अथवा मियावाकी पद्धति के माध्यम से कम स्थान में भी घना जंगल विकसित किया जा सकता है। ‘नैनो जंगल 33’ में करीब 2300 पौधे लगाए गए हैं।
सांसद प्रतिनिधि गजेन्द्र सलूजा ने कहा कि शहरीकरण और औद्योगीकरण के दौर में हरियाली का दायरा लगातार कम हो रहा है। ऐसे में रिहायशी क्षेत्रों में नैनो जंगल विकसित करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से शहर को अधिक हरा-भरा और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
इस मौके पर डॉ. राज रमन, ग्रीन मिशन संयोजक एडवोकेट संदीप जिंदल, उपाध्यक्ष नवीन भाटिया, पूर्व पार्षद लोकेश नागरू, समाजसेवी अजय शर्मा, मंडल अध्यक्ष सचिन सिंगला, मंडल अध्यक्ष चेतन तनेजा, पूर्व पार्षद जसमेर, मास्टर मुकेश, नितिन अरोड़ा, भारत बांगा, विशाल, सीए जगदीश चनेजा, रंगा, सगु सहित किशनपुरा मंडल की पूरी टीम, स्थानीय निवासी और बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

Comments