Sunday, October 4, 2026
Newspaper and Magzine


विद्यार्थियों के लिए ‘ओरिएंटेशन एवं मेरिट प्रमाण पत्र वितरण समारोह’ का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 25, 2026 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई के तत्वावधान में नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए ‘ओरिएंटेशन एवं मेरिट प्रमाण पत्र वितरण समारोह’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य प्रथम वर्ष के नवागंतुक स्वयंसेवकों को एन.एस.एस. के आदर्शों, उद्देश्यों एवं वर्ष भर चलने वाली सामाजिक व रचनात्मक गतिविधियों से परिचित कराना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुराने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करना था।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं कॉलेज प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना मात्र एक गतिविधि नहीं, बल्कि शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एन.एस.एस. से जुड़कर कार्य करने वाले युवाओं के अंतःकरण में संवेदनशीलता, निस्वार्थ सेवा और मानवता जैसे नैतिक मूल्य स्वतः प्रस्फुटित होते हैं। प्राचार्य ने सभी युवाओं को समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी खुशबू ने स्वयंसेवकों में नई ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल मंत्र युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सहभागिता की भावना का विस्तार करना है। शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से यह मंच युवाओं को ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण जैसी जमीनी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देता है। उन्होंने श्रम की महत्ता को रेखांकित करते हुए स्पष्ट किया कि सेवा के क्षेत्र में कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि सेवा के पीछे का भाव सबसे महत्वपूर्ण होता है।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में कॉलेज प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. खुशबू, डॉ. संगीता, डॉ. नीतू तथा सहायक प्राध्यापक कुलदीप द्वारा एन.एस.एस. के 37 मेधावी स्वयंसेवकों को समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए मेरिट प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
औपचारिक सत्र के पश्चात सभागार सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो उठा। एन.एस.एस. स्वयंसेविका खुशी ने ‘एन.एस.एस. लक्ष्य गीत’ पर मनमोहक भाव-नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। इसके उपरांत ईशा नांदल, ख़ुशबू, सिमरन एवं दिशान्त ने हरियाणा की समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपरा को जीवंत करते हुए हरियाणवी लोकनृत्य की धमाकेदार प्रस्तुति दी, जिस पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन स्वयंसेविका साक्षी और स्वयंसेवक दीपक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस पूरे आयोजन में 130 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाते हुए समाज सेवा का संकल्प लिया। अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे वितरण कर समारोह का समापन किया गया।

Comments


Leave a Reply