बच्चों के सपनों में दिख रहा विकसित भारत का संकल्प, 2047 से पहले लक्ष्य हासिल करने का भरोसा : शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा
सेवा केवल कार्य नहीं, समाज के प्रति संवेदना और संकल्प का भाव है
हर बच्चे का विकसित भारत का सपना अब बन चुका सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
जिले के 900 स्कूलों में आयोजित हुई पोस्टर मेकिंग व भाषण प्रतियोगिताएं, 30 हजार विद्यार्थियों ने लिया भाग
BOL PANIPAT ,26 सितंबर : हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि सेवा परमो धर्म है और समाज में जागृति लाने के लिए सेवा की भावना, संवेदना और संकल्प को मजबूत करना जरूरी है। ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ जिला स्तरीय कार्यक्रम बच्चों की कल्पनाओं, संवेदनाओं और विकसित भारत के प्रति उनके संकल्प को दर्शाता है। बच्चों की सोच और प्रतिभा को देखकर लगता है कि वर्ष 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को निर्धारित समय से पहले ही हासिल करने की दिशा में देश आगे बढ़ेगा।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा शनिवार को आर्य पीजी कॉलेज के सभागार में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई पोस्टर मेकिंग प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों व पोस्टरों की सराहना की। इस मौके पर उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बच्चों की सोच और प्रतिभा की सराहना की।

मंत्री ने कहा कि देश के सामने अनेक चुनौतियां हैं, लेकिन केवल नीतियां बनाने से इनका समाधान नहीं होगा, इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का संकल्प और सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
मंत्री ने कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आज के बच्चे जिस आत्मविश्वास और सोच के साथ विकसित भारत की कल्पना कर रहे हैं, उससे देश के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर दिखाई देती है।
भारत को विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने का संकल्प केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे अपने व्यवहार और कार्यों में भी उतारना होगा। बच्चों से देश को बहुत आशाएं हैं और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, संवेदना, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना विकसित करनी होगी।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से हुई थी। संकल्प दिमाग में बनता है और जब यही संकल्प सामूहिक रूप लेता है तो वह राष्ट्रीय संकल्प बन जाता है। आज हर बच्चे ने विकसित भारत का सपना देखा है और बच्चों का यही सपना निश्चित रूप से साकार होगा।
उन्होंने कहा कि समाज की हर समस्या के समाधान की शुरुआत संकल्प से होती है और यह संकल्प स्कूलों, बच्चों और अध्यापकों के माध्यम से मजबूत किया जा सकता है। बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखते हुए उन्हें जिम्मेदार और अच्छे नागरिक बनाने की दिशा में भी काम करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने अंदर अच्छे नागरिक के गुण विकसित करें और देश व समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच देना और उनकी सोच को सामने लाना ऐसे कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
मेयर कोमल सैनी ने कहा कि विकसित भारत का सपना साकार होने के करीब है। नई शिक्षा नीति पर काम करने वाला हरियाणा पहला प्रदेश है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने होंगे, तभी भारत विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ेगा।
सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा ने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए पूरे देश में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पूर्व पार्षद पूर्व पार्षद लोकेश नागरू ने कहा कि देश के प्रत्येक बच्चे, बुद्धिजीवी और युवा ने विकसित भारत का सपना देखा है और सभी का संकल्प एक जैसा होने के कारण यह सपना निश्चित रूप से साकार होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि जिले के करीब 900 स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जिनमें करीब 30 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा व विकसित भारत के प्रति उनकी सोच सामने आई है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर होंसला बढ़ाया। इस मौके पर एक किताब का भी सामूहिक विमोचन किया गया।
शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षा मंत्री, उपायुक्त सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दो विद्यार्थियों ने अपने उद्बोधन में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया और बताया कि किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, एसडीएम मनदीप कुमार, मेयर कोमल सैनी, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, मार्केट कमेटी चेयरमैन अवतार शास्त्री, पूर्व पार्षद लोकेश नागरू, संजीव दहिया सहित विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थी और अध्यापक मौजूद रहे।

Comments