हर शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
शिकायत कर्ताओं को प्रदान किया जा रहा विशेष मंच: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
प्रत्येक शिकायत पर अधिकारी गंभीरता से ले संज्ञान: पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण
समाधान शिविर में प्राप्त हुई 10 शिकायत, समाधान के दिए निर्देश
BOL PANIPAT , 28 सितंबर। हरियाणा सरकार का सप्ताह में दो दिन लगने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम जनता समाधान शिविर आम नागरिक को राहत प्रदान कर रहा है। आम नागरिक खुलकर अपनी शिकायतों को दर्ज करवा कर इसका लाभ ले रहे हैं। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 10 शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।
उपायुक्त ने कहा कि आमजन अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर प्रशासन के पास आता है, इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को लंबित रखने के बजाय मौके पर ही समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई करें और संबंधित व्यक्ति को राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जनता समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरल, सुलभ और प्रभावी मंच उपलब्ध करवाना है। अधिकारियों को चाहिए कि प्रत्येक शिकायत को पूरी गंभीरता से लें और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को समय पर समाधान उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण ने कहा कि कानून व्यवस्था एवं पुलिस विभाग से संबंधित प्रत्येक शिकायत पर अधिकारी गंभीरता से संज्ञान लें और नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि जनता समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर संबंधित विभाग तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि उसका निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सोमवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर पुलिस उप अधीक्षक विकास चहल, सिटी मजिस्ट्रेट टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, एसडीओ कृषि विभाग डॉ. राजेश भारद्वाज, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता करण बहल, डॉ. माणिक, डॉ. प्रज्ञा, संजीव शर्मा, रमेश बागड़ी, जिला बागवानी अधिकारी संदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments