जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवम सीजेएम ने जुलाई माह में जिला जेल में लगाई दूसरी लोक अदालत.राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 अगस्त को
BOL PANIPAT : 20 जुलाई-जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पानीपत मनीषा बत्रा के निर्देशानुसार, आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम अमित शर्मा ने बुधवार को जुलाई माह की लोक अदालत के तहत जिला जेल, पानीपत में कैदियों के लिए दूसरी विशेष जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। सीजेएम अमित शर्मा ने कैदियों की समस्याओं को सुना व जेल अधीक्षक को उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए। इस लोक अदालत में 07 मामले रखे गए, जिनमें से 03 मामलों का निपटारा किया गया और आरोपियों को हिरासत से रिहा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला जेल अधीक्षक देवी दयाल मौजूद रहे।
सीजेएम अमित शर्मा ने बुधवार को आगामी 13 अगस्त को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संदर्भ में बैंक मैनेजरों के साथ बैठक की । इस बैठक में एलडीएम तुलाराम भी मौजूद रहे । इस बैठक में अमित शर्मा ने बैंक मैनजरों से लोक अदालत में रखे जाने वाले केसों के बारे जानकारी ली और साथ साथ निर्देश भी दिए कि पहले उन केसों को लोक अदालत में रखवाया जाए जिनमें सेटलमेंट हो सके और उसके उपरान्त बाकी के केसों में पक्षों से लोक अदालत में उनके केसों के निपटान के बारे में बातचीत करे और उनके फायदे के बारे में अवगत कराएं ।
उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपने लंबित मामलों जिसमें दुर्घटना के दावे, चेक बाउंस, बैंक वसूली, नागरिक विवादों से संबंधित सार्वजनिक उपयोगिता सेवाएं भी शामिल है और यहां तक कि घरेलू हिंसा अधिनियम आदि से संबंधित कंपाउंडेबल अपराधों के अपराधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सुलझा सकते हैं। उन्होंने लोगो से अहवान किया है की वे ज्यादा से ज्यादा अपने मुकदमों को लोक अदालत के माध्यम से निपटारा कर सकते है क्योंकि लोक अदालत विवादों के निपटान के प्रभावी तरीकों में से एक है। लोक अदालत में निपटान से न किसी की हार और न किसी की जीत होती और लोक अदालतों में विवादों का सौहार्द पूर्वक निपटारा किया जाता है। सभी के लिए न्याय तक पहुंच के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए एडीआर तंत्र का संवर्धन काफी महत्वपूर्ण है। लोक अदालत को स्थाई और निरंतर प्रक्रिया बनाने के लिए सत्र न्यायालय पानीपत में दैनिक लोक अदालतें भी आयोजित की जाती है। और अधिक जानकारी व सुविधाओं के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के हेल्प लाइन नंबर 0180-2640125 व 0180-2640222 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

Comments