Tuesday, September 29, 2026
Newspaper and Magzine


रिफाइनरी से केटलिस्ट चोरी की वारदात में शामिल तीसरा आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 29, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 29 सितंबर : सीआईए टू पुलिस टीम ने रिफाइनरी से केटलिस्ट चोरी की वारदात में शामिल फरार तीसरे आरोपी को सोमवार शाम रिफाइनरी टाउनशिप रोड पर राणा फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव ददलाना निवासी लवप्रीत के रूप में हुई है।

सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों रामशरण निवासी बाल रंगडान करनाल व जबिंद्र निवासी शेरा के साथ मिलकर रिफाइनरी से केटलिस्ट चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी लवप्रीत के कब्जे से चोरी का केटलिस्ट बेचकर हासिल की नकदी में से 12 हजार रूपए बरामद कर मंगलवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त गाड़ी व बची नकदी बरामद करने का प्रयास करेगी।
मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी रामशरण के कब्जे से 48 हजार व जबिंद्र के कब्जे से 26 हजार रूपए बरामद कर दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा चुका है।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि थाना सदर में रिफाइनरी (समता) के मैनेजर पंकज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 14 जुलाई को उन्हें रिफाइनरी के सुरक्षा अधिकारियों के माध्यम से पता चला कि डीसीयू के नजदीक वायटावर के अंदर से कैटलिस्ट चोरी हुआ था। केटलिस्ट का वह बोरा सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने रिफाइनरी के अंदर से ही बरामद किया था। इसके पश्चात टीएस व मैटेरियल विभाग ने संयुक्त रूप से कैटलिस्ट की जांच की। जांच के दौरान कुछ ड्रमों की सील टूटी हुई मिलीं और वजन चेक करने पर कम पाया गया।
पूरी जांच के बाद करीब 2100 किलोग्राम कैटलिस्ट कम पाया गया। उन्हें संदेह है कि गोदाम में सामान की हैंडलिंग करने वाले ठेका मजदूरों अथवा रिफाइनरी के अंदर-बाहर आने वाली सप्लायर की गाड़ियों के चालक, परिचालक व अन्य व्यक्तियों की मिलीभगत से कैटलिस्ट चोरी किया गया है। थाना सदर में पंकज कुमार की शिकायत पर चोरी सहित संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।

Comments


Leave a Reply