Tuesday, September 29, 2026
Newspaper and Magzine


टीडीआई में घर में घुसकर महिला व परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 29, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 29 सितंबर। थाना सेक्टर-13/17 पुलिस ने टीडीआई में घर में घुसकर महिला व परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर चोट मारने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात दो आरोपियों को टीडीआई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान कृष पुत्र पुरुषोत्तम निवासी टीडीआई और दीपांशु पुत्र पवन निवासी बिशनस्वरूप कॉलोनी के रूप में हुई है।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि थाना सेक्टर-13/17 में शिवानी बंसल पत्नी सिद्धार्थ बंसल निवासी टीडीआई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी सास एकता बंसल ने वर्ष 2025 में आरडब्ल्यूएस (RWS) टीडीआई सिटी में प्रधान पद का चुनाव लड़ा था। पुरुषोत्तम वत्स भी चुनाव में खड़ा था। चुनाव के बाद पुरुषोत्तम ने उसकी सास के साथ द्वेष की भावना उत्पन्न कर ली थी। वर्तमान में उसकी सास आरडब्ल्यूएस में सचिव के पद पर कार्यरत है। 22 सितंबर 2026 को आरडब्ल्यूएस के खिलाफ दायर एक केस की सुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर पुरुषोत्तम वत्स ने उसकी सास के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की थीं।
27 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे उसकी सास एकता बंसल इस विषय पर बात करने पुरुषोत्तम वत्स के घर गई थीं। वहां बातचीत के दौरान पुरुषोत्तम व उसकी पत्नी रीना वत्स ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे उनके बेटे सिद्धार्थ बंसल ने बीच-बचाव कर अपनी मां को छुड़ाया। इस दौरान आरोपियों ने धमकी दी की पुरुषोत्तम वत्स दिल्ली पुलिस में कार्यरत है और मौका मिलते ही पूरे परिवार को जान से खत्म करवा देगा या किसी झूठे केस में फंसा देगा।
इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे पुरुषोत्तम वत्स, उसकी पत्नी रीना वत्स, बेटा कृष, श्रृत्विक शर्मा, दीपांशु घालयान निवासी सेक्टर-18, दीपांशु कुंडू निवासी बिशनस्वरूप कॉलोनी और 2-3 अन्य युवक हाथों में डंडे व लोहे की रॉड लेकर उनके घर के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने घर की घंटी बजाई। दरवाजा नहीं खोलने पर वे जबरन घर में घुस आए और घर के गेट के पास खड़े उसके देवर मनन बंसल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिवार के सदस्य बचाव के लिए आए तो आरोपी पुरुषोत्तम वत्स ने लोहे की रॉड से उसकी सास एकता बंसल के कंधे पर वार किया और उनके बाल खींचकर सिर दीवार में मार दिया। अन्य आरोपियों ने मनन बंसल व परिवार के अन्य सदस्यों पर डंडों और लात-घूंसों से हमला किया। आरोपियों ने घर के गेट पर लगे शीशे भी तोड़ दिए। मारपीट में घायल सास एकता बंसल को सुमित अस्पताल तथा देवर मनन बंसल को सिटी अस्पताल, सनौली रोड में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
थाना सेक्टर-13/17 पुलिस ने शिवानी बंसल की शिकायत पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात आरोपी कृष व दीपांशु को टीडीआई से गिरफ्तार कर लिया।

उप पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों कृष व दीपांशु ने पूछताछ में उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने पूछताछ के बाद मंगलवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments


Leave a Reply