Wednesday, September 30, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत पुलिस का नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान, युवाओं और ग्रामीणों को किया जागरूक

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 30, 2026 Tags: , , , , ,

बबैल के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद और गांव में डोर टू डोर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

BOL PANIPAT , 30 सितंबर । नशे के खिलाफ पानीपत पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने गांव बबैल के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के बाद टीम ने गांव में डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों से बातचीत की और नशे के खिलाफ पुलिस के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

स्कूल में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के शरीर को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका असर उसकी मानसिक स्थिति, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य पर भी पड़ता है। नशे की आदत व्यक्ति को धीरे-धीरे गलत दिशा की ओर ले जाती है तथा उसके जीवन के महत्वपूर्ण अवसर प्रभावित होते हैं। विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशे से बचाव के लिए सही संगति और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल, योग, व्यायाम और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। टीम ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने दोस्तों और आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की गई।

डोर टू डोर पहुंच रही नशा मुक्त अभियान की टीम
स्कूल में कार्यक्रम के बाद पुलिस टीम ने गांव में डोर-टू-डोर अभियान चलाया। टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर नशे के सेवन और नशीले पदार्थों की बिक्री से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों से कहा गया कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और अपने आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

नशे को जड़ से खत्म करने के लिए जनभागीदारी जरूरी
नशा मुक्त अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने कहा कि पानीपत पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाने के साथ-साथ समाज में इसके खिलाफ जागरूकता पैदा करना है। इसके लिए जिले में लगातार स्कूलों, गांवों और अन्य स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य हैं। नशे की लत उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को प्रभावित करती है। नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस के साथ परिवार और समाज को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

Comments


Leave a Reply