Thursday, October 1, 2026
Newspaper and Magzine


रैयर कला में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 1, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 01 अक्तूबर। नशे के खिलाफ पानीपत पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत वीरवार को पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने गांव रैयर कला में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने गांव में डोर टू डोर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान पुलिस टीम ने नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि नशे की गिरफ्त में आने से युवा अपनी पढ़ाई, करियर और जीवन के महत्वपूर्ण अवसर गंवा सकते हैं। कई बार नशे की शुरुआत दोस्तों के दबाव, गलत संगति या महज प्रयोग के तौर पर होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह गंभीर लत का रूप ले लेती है। इसलिए युवाओं को शुरुआत से ही नशे से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि जीवन में तनाव या किसी परेशानी का सामना होने पर नशे का सहारा लेने की बजाय अपने माता-पिता, अध्यापकों अथवा किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बातचीत करनी चाहिए। खेल, योग, व्यायाम, पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाकर युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं।
टीम ने विद्यार्थियों से ‘नशा नहीं, स्वस्थ जीवन चुनें’ का संदेश अपनाने तथा अपने आसपास के युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

ग्रामीणों से पुलिस का सहयोग करने की अपील

स्कूल कार्यक्रम के बाद पुलिस टीम ने गांव में डोर-टू-डोर अभियान चलाया। ग्रामीणों को बताया गया कि नशे की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार, ग्राम पंचायत, शिक्षण संस्थानों और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। अभिभावकों से बच्चों की संगति और व्यवहार पर ध्यान रखने तथा किसी तरह के बदलाव की स्थिति में समय रहते बातचीत करने की अपील की गई।

ग्रामीणों से कहा गया कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री, सप्लाई या तस्करी में संलिप्त है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। नशे से संबंधित सूचना MANAS हेल्पलाइन 1933 पर भी दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

युवाओं को नशे से बचाना पुलिस की प्राथमिकता

नशा मुक्त अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य हैं। नशा उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और सपनों को कमजोर करता है। पानीपत पुलिस का प्रयास है कि कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता के माध्यम से नशे की मांग को भी कम किया जाए।
उन्होंने कहा कि नशे को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस के साथ परिवार और समाज को मिलकर काम करना होगा। जागरूक नागरिक ही नशे के खिलाफ मजबूत सूचना तंत्र तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पानीपत पुलिस द्वारा जिले में लगातार स्कूलों, गांवों और अन्य स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाई जा रही है।

Comments


Leave a Reply