युवक का अपहरण कर मारपीट करने के दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बलेनो गाड़ी बरामद
BOL PANIPAT , 05 अक्तूबर। सीआईए थ्री पुलिस टीम ने बिहोली गांव से सिवाह निवासी युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान भाउपुर निवासी बंटी व अनुज के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि थाना बापौली में सतपाल निवासी सिवाह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 28 सितंबर को उसका पोता प्रीतम अपनी दादी को दवाई दिलवाने के लिए अपनी गाड़ी से बिहोली आया था। प्रीतम अपनी दादी को डॉक्टर के पास छोड़कर वापस अपनी गाड़ी में बैठ गया। कुछ देर बाद झगड़े की आवाज सुनकर डॉक्टर बाहर आया और प्रीतम के साथ झगड़ा होने की जानकारी उसकी दादी को दी। उसकी दादी ने फोन पर बताया कि प्रीतम के पास दो गाड़ियां आईं और झगड़ा करने के बाद प्रीतम को उसकी गाड़ी सहित अपने साथ ले गए।
सूचना मिलने पर वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बताया कि दो गाड़ियां, बलेनो व फ्रोंक्स, शहरमालपुर की तरफ भाग गई हैं। थाना बापौली में सतपाल की शिकायत पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने प्रीतम की तलाश व मामले की जांच तथा आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
आरोपियों ने मारपीट कर प्रीतम को भाउपुर के पास खेतों के रास्ते पर छोड़ दिया और उसकी स्विफ्ट गाड़ी लेकर फरार हो गए थे। प्रीतम ने घर आकर बताया कि गांव भाउपुर निवासी बंटी व अनुज तथा गांव नैन निवासी उनके दो साथियों ने उसका अपहरण कर उसके साथ मारपीट की थी।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए थ्री पुलिस टीम को सौंपी गई थी। सीआईए थ्री पुलिस टीम ने बीती 30 सितंबर को आरोपी बंटी को डाहर चौक के पास से गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपी ने भाउपुर निवासी अपने साथी अनुज तथा नैन निवासी प्रिंस उर्फ योगी व विशाल के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया था। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया और गहनता से पूछताछ की गई।
आरोपी ने रिमांड के दौरान पूछताछ में बताया कि उसका प्रीतम के साथ पैसों का लेन-देन था। पैसे मांगने पर प्रीतम टाल-मटोल कर रहा था। उसने यह बात अपने उक्त साथी आरोपियों को बताई और उनके साथ मिलकर साजिश रचकर उक्त वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने वारदात में शामिल फरार दूसरे आरोपी अनुज को रविवार शाम हरिद्वार से गिरफ्तार किया। आरोपी बंटी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद की गई।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि सोमवार को आरोपी बंटी को रिमांड अवधि पूरी होने पर तथा आरोपी अनुज को प्रारंभिक पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहां से आरोपी बंटी को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया और आरोपी अनुज को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी अनुज से प्रीतम की कार व वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद करने तथा फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments