Monday, October 5, 2026
Newspaper and Magzine


मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 5, 2026 Tags: , , , , ,

9 अक्टूबर को पानीपत में दिखेगा सेवा संकल्प का भव्य स्वरूप, 5 हजार बच्चे बनाएंगे मानव रंगोली

सीएम नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा

अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
सेवा संकल्प अभियान के विजेता बच्चों का होगा सम्मान

प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक की बनाई पुख्ता व्यवस्था

BOL PANIPAT , 5 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 9 अक्टूबर को पानीपत में प्रस्तावित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं प्रदर्शनी के साथ-साथ भव्य मानव रंगोली का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें करीब 5 हजार बच्चे भाग लेंगे।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को मानव रंगोली के लिए बच्चों की भागीदारी, बैठने की व्यवस्था, अनुशासन, प्रवेश एवं अन्य आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि आर्य कॉलेज सभागार में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आने वाले बच्चों एवं प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपायुक्त ने पार्किंग, प्रवेश व्यवस्था, प्रतिभागियों के आई-कार्ड, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी प्रबंधों को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को आपसी समन्वय से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहन मिल रहा है। 9 अक्टूबर का कार्यक्रम इसी भावना को और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निभाए।
बैठक में जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने भी कार्यक्रम को लेकर अपने सुझाव दिए। पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण तथा निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने भी व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
उपायुक्त ने आपातकालीन सेवाओं, शिक्षा विभाग, पुलिस, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। विभिन्न जिलों से आने वाले विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, प्रवेश एवं निकासी मार्गों की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने पर विशेष फोकस रहेगा। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री 9 अक्टूबर को आर्य कॉलेज सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत करने के साथ-साथ जैन सभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply