23 जुलाई को पानीपत में लगेगा जनसमस्याओं के समाधान का दरबार
मंत्री रणबीर गंगवा करेंगे जिला कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता
जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर रहेगा फोकस
सभी विभागाध्यक्षों को बैठक में व्यक्तिगत उपस्थिति के निर्देश
BOL PANIPAT , 21 जुलाई। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक 23 जुलाई को दोपहर 3 बजे जिला सचिवालय के द्वितीय तल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा करेंगे।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि बैठक में जिला कष्ट निवारण समिति के समक्ष प्राप्त जन शिकायतों एवं लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की जाएगी तथा उनके त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों की पूर्ण तैयारी के साथ निर्धारित समय पर व्यक्तिगत रूप से बैठक में उपस्थित होना सुनिश्चित करें, ताकि समिति के समक्ष प्रस्तुत शिकायतों का मौके पर ही प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही और समन्वय से जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक आमजन की समस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर गंभीरता से विचार कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है। सरकार नागरिकों को बेहतर प्रशासन और सुशासन उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Comments