विद्यार्थियों के लिए “द स्पीच मैकेनिज्म” (The Speech Mechanism) पर प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग द्वारा बी.ए. प्रथम वर्ष (फंक्शनल इंग्लिश) के विद्यार्थियों के लिए “द स्पीच मैकेनिज्म” (The Speech Mechanism) पर प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी बौद्धिक क्षमता व रचनात्मक दृष्टिकोण का शानदार प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे व्यावहारिक और शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में सटीक उच्चारण, प्रभावी संप्रेषण और भाषा पर मजबूत पकड़ अति आवश्यक है। प्राचार्य महोदय ने अंग्रेजी विभाग के इस सफल प्रयास की सराहना की और विद्यार्थियों को निरंतर नई-नई गतिविधियों के माध्यम से अपने ज्ञान व कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया।
अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. नीलम ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए ‘स्पीच मैकेनिज्म’ (वाक्-तंत्र) और भाषा के ध्वनि विज्ञान के महत्त्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाषा और साहित्य को गहराई से समझने के लिए ध्वनियों की उत्पत्ति, उनके सही उच्चारण और वाक्-अंगों की कार्यप्रणाली का ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी साहित्यिक रचना या संवाद के पीछे निहित ध्वनियों का सही विश्लेषण विद्यार्थियों में एक आलोचनात्मक दृष्टिकोण (Critical Mind) विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कॉलेज आने और ऐसी शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनकी भाषाई पकड़ और संप्रेषण कौशल मजबूत हो सके। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर अंग्रेजी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि व विश्लेषणात्मक समझ पैदा करना है।
इस प्रतियोगिता का सफल संयोजन व संचालन अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक श्री कमल द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वाक्-प्रक्रिया और ध्वन्यात्मक बारीकियों को अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में पायल शर्मा ने प्रथम स्थान, खुशी ने द्वितीय स्थान तथा आशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह एवं विभागाध्यक्ष डॉ. नीलम सहित अंग्रेजी विभाग के समस्त प्राध्यापकों ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments