Wednesday, October 14, 2026
Newspaper and Magzine


सडक़ सुरक्षा ट्रैफिक क्विज के द्वितीय चरण में स्नेहा ने मारी बाजी, हासिल किया प्रथम स्थान

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 14, 2026 Tags: , , , , , ,

डीबीजी राजकीय कॉलेज में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों और सडक़ सुरक्षा से जुड़े ज्ञान का किया प्रदर्शन

BOL PANIPAT , 14 अक्टूबर। देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत सडक़ सुरक्षा ट्रैफिक क्विज के द्वितीय चरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डॉ. नरसिंह जांगड़ा की अध्यक्षता में तथा कंवर पाल एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. मीनाक्षी की देखरेख में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए यातायात नियमों, सडक़ सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में डीबीजी राजकीय कॉलेज, पानीपत की बीएससी प्रथम वर्ष (लाइफ साइंस) की छात्रा स्नेहा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। आर्य पीजी कॉलेज  की छात्रा नेहा ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि एसडी पीजी कॉलेज के बीएससी द्वितीय वर्ष (फिजिकल साइंस) के छात्र आदर्श ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने के महत्व से अवगत कराया गया।

    इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि सडक़ सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। जागरूकता और अनुशासन अपनाकर सडक़ दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम के सफल संचालन में तनिया एवं मनजीत ने निरीक्षण संबंधी दायित्व निभाए। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा के प्रति सजग रहने और समाज में यातायात नियमों के पालन के लिए दूसरों को भी प्रेरित करने का अवसर प्रदान किया।

Comments


Leave a Reply