पीआरपीसी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ
BOL PANIPAT : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में 26 अक्टूबर 2026 को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 26 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियाँ और कार्यक्रम होंगे। यह आयोजन केंद्रीय सतर्कता आयोग की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि ” के अनुरूप है, जो एक भ्रष्टाचार-मुक्त भारत के निर्माण में नागरिकों की सामूहिक भूमिका को रेखांकित करता है।
उद्घाटन समारोह ईडी एंड आरएच कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख ने की। इस अवसर पर अजय कैला, कार्यकारी निदेशक (कोर ग्रुप), वरिष्ठ अधिकारी, तथा इंडियन ऑइल ऑफिसर्स असोसिएसन और आईपीआरईयू के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। एम. एल. डहरिया ने इस अवसर पर ईमानदारी की शपथ दिलाई और कहा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन एक साझा मिशन है, जिसके लिए प्रत्येक व्यक्ति में ईमानदारी, प्रतिबद्धता और पारदर्शिता आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि सतर्कता केवल अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक जीवनशैली है जो जागरूकता और आत्म-अनुशासन पर आधारित है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में गौतम प्रिया, मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) ने स्वागत भाषण दिया। उनके साथ विषक मित्तल, उप महाप्रबंधक (सतर्कता) और संजीव ठाकुर, वरिष्ठ प्रबंधक भी उपस्थित थे। इस अवसर पर भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के संदेशों के साथ-साथ इंडियनऑयल के चेयरमैन और मुख्य सतर्कता अधिकारी के संदेश भी साझा किए गए, जिन्होंने कर्मचारियों को पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त संगठन के निर्माण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एम. एल. डहरिया ने इस वर्ष की सतर्कता थीम पर आधारित द्विभाषी पोस्टर जारी किए और समुदाय में सतर्कता जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “सतर्कता रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
छात्रों की कल्पनाओं को पंख देने की एक अनूठी पहल के तहत, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत दीवार चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में गांव ददलाना, खोराखेड़ी, नौल्था और घुढ़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोहंड एवं रैरकलां तथा डीपीएस, पानीपत रिफाइनरी टाउनशिप के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सातों विद्यालयों की कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रत्येक विद्यालय से पांच विद्यार्थियों की एक टीम ने भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र का संदेश देते हुए दीवारों पर सुंदर चित्र बनाए। प्रतियोगिता के लिए निर्धारित तीन घंटे के समय में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के प्रयासों और उनकी रचनात्मकता की भरपूर सराहना की।

Comments