Thursday, November 5, 2026
Newspaper and Magzine


अमित शाह की करनाल पदयात्रा से पहले राम रतन शर्मा, सतपाल राणा व यशपाल राणा को पुलिस ने किया नजरबंद

By LALIT SHARMA , in SOCIAL , at November 5, 2026 Tags: , , ,

यूजीसी कानून वापस लेने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी पदयात्रा में निभाई थी प्रमुख भूमिका, बुधवार देर शाम पुलिस ने घरों में रहने के दिए निर्देश

BOL PANIPAT : 5 नवंबर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की गुरुवार को करनाल में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा से पहले पानीपत में स्थानीय पुलिस ने यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग को लेकर आंदोलन में सक्रिय रहे तीन प्रमुख नेताओं को उनके घरों में नजरबंद कर दिया। जिला ब्राह्मण सभा के पूर्व प्रधान राम रतन शर्मा और सर्वजातीय पंचायत के अध्यक्ष सतपाल राणा व राजपूत सभा के यशपाल राणा को बुधवार देर शाम पुलिस ने घर में ही रहने के निर्देश दिए।

तीनों नेता प्रदेश में यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग को लेकर निकाली गई पदयात्रा में प्रमुखता से शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कानून के विरोध में अपनी आवाज बुलंद करते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई थी। प्रदेश स्तर पर हुई इस पदयात्रा में उनकी सक्रिय भागीदारी के चलते वे इस मुद्दे को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं।

गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की करनाल में लोकतंत्र पदयात्रा प्रस्तावित थी। इसी कार्यक्रम से एक दिन पहले स्थानीय पुलिस ने राम रतन शर्मा, सतपाल राणा व यशपाल राणा को नजरबंद करने की कार्रवाई की। बुधवार देर शाम पुलिस की इस कार्रवाई के बाद तीनों नेता अपने घरों तक सीमित हो गए।

तीनों नेताओं को नजरबंद किए जाने की घटना से सामाजिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। यूजीसी कानून के विरोध में पदयात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेताओं पर पुलिस की इस कार्रवाई को अमित शाह के करनाल दौरे के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से दोनों नेताओं को नजरबंद किए जाने के आधिकारिक कारण और कार्रवाई की अवधि को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Comments


Leave a Reply