Saturday, July 4, 2026
Newspaper and Magzine


स्वच्छ पर्यावरण की ओर बड़ा कदम, परिवहन विभाग ने शुरू किया जागरूकता अभियान: आर टी ए डॉ नीरज जिंदल

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 4, 2026 Tags: , , , , ,

पुराने वाहन स्क्रैप करें, नए खरीदें और टैक्स में पाएं 100% छूट

एनसीआर में प्रदूषण पर प्रहार: ‘परिवर्तन योजना’ से पुराने वाहनों की होगी विदाई

‘नया सफर योजना’ से मिलेगा हरित परिवहन को बढ़ावा, वाहन मालिकों को दी गई अहम जानकारी

BOL PANIPAT , 4 जुलाई। एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार के परिवहन विभाग की ‘परिवर्तन योजना (नया सफर योजना)’ के तहत शनिवार को क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए), पानीपत द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, आरटीए पानीपत डॉ. नीरज जिंदल ने अपने कार्यालय में सहकारी परिवहन समितियों के पदाधिकारियों, वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक कर योजना की विशेषताओं से अवगत कराया। वहीं, सहायक जिला परिवहन अधिकारी गुरजीत कौर ने वाहन पासिंग ग्राउंड में पासिंग के लिए पहुंचे वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को भी योजना के प्रति जागरूक किया।
डॉ नीरज ने बताया कि योजना के तहत बीएस-4 एवं इससे पुराने ट्रकों और बसों को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्र पर स्क्रैप कराकर नए बीएस-7, इलेक्ट्रिक (ईवी) अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल वाहन खरीदने पर 100 प्रतिशत मोटर वाहन कर में छूट दी जाएगी। इसके साथ ही नए वाहनों के पंजीकरण शुल्क को भी पूरी तरह माफ किया जाएगा। पात्र पुराने वाहनों को योजना की निर्धारित शर्तों के अनुसार लाभ प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए पुराने वाहनों को केवल अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्र पर ही नष्ट कराना अनिवार्य होगा। साथ ही, बीएस-5 श्रेणी के वाहनों को एनसीआर से बाहर अन्य क्षेत्रों में बेचने की अनुमति रहेगी।
डॉ. नीरज जिंदल ने बताया कि हरियाणा सरकार की ‘परिवर्तन योजना’ का उद्देश्य एनसीआर में प्रदूषण कम करना और स्वच्छ, सुरक्षित व पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है। वाहन मालिक इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पुराने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्रों पर स्क्रैप कराकर नए एवं आधुनिक वाहन अपनाएं। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि वाहन मालिकों को कर एवं पंजीकरण शुल्क में दी जा रही छूट का भी सीधा लाभ मिलेगा।
विदित रहे कि इस दिशा में आरटीए लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को योजना से जोड़ने का कार्य कर रहा है।”

Comments


Leave a Reply