प्रशासन पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कर रहा कार्य: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
नागरिक बेझिझक होकर रखे अपनी समस्याएं: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
शिविर में पहुंची 25 समस्या, अधिकारियों ने तत्काल कार्यवाही करने के आदेश
उपायुक्त ने स्वयं उपस्थित होकर सुनी जन समस्या
BOL PANIPAT , 13 अप्रैल। मुख्यमंत्री नायब सिंह की जन हित को लेकर की गई पहल का जिले के नागरिकों को भरपूर लाभ मिल रहा है। सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उपायुक्त ने बताया कि सोमवार को प्राप्त 25 शिकायतों में अधिकांश शिकायतें आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक सेवाओं से संबंधित थीं, जिन पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रहा है ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर समस्या का समाधान मौके पर या निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए।
नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि सफाई व्यवस्था, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाना निगम की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीसी अंकित चौकसे ने शिविर को प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि कोई भी शिकायत लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बेझिझक अपनी समस्याएं सामने रखें, हर शिकायत पर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसडीएम मनदीप ने बताया कि शिविर में आई राजस्व और प्रशासनिक शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सीईओ डॉ. किरण ने कहा कि विकास योजनाओं और ग्रामीण स्तर की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
डीडीपीओ राजेश शर्मा ने बताया कि गांवों में विकास कार्यों और पंचायत स्तर की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शिविर में महात्मा गांधी बस्ती की निवासी शीला ने क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण की समस्या उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की। प्रार्थी अंकित ने दिव्यांग पेंशन बनवाने का अनुरोध किया, जबकि राजेश वासी मांडी ने गली के निर्माण की मांग करते हुए बताया कि आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। सरोज बाला ने पेंशन से संबंधित बैंक डिटेल निकलवाने के लिए सहायता मांगी। इस अवसर पर डीएसपी सतीश वत्स, एलडीएम राजकुमार, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, डॉ. प्रज्ञा, कृषि विभाग के कार्यकारी अभियंता सुधीर, पुलिस कंप्लेंट अधिकारी सुरेश सरोहा, महेश त्यागी, संजीव शर्मा, जोगिंदर, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments