फायरिंग व पर्ची फेंककर रंगदारी मांगने की वारदात का पर्दाफाश. आरोपी को अवैध हथियारों के साथ काबू किया. 2 देसी पिस्तौल व 2 जिंदा राउंड बरामद.
-कॉलोनी निवासी विदेश गए युवक ने जमीनी विवाद की रंजिश रखते हुए दबदबा बनाने के लिए फायरिंग करवाई थी
BOL PANIPAT , 08 जनवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में पानीपत सीआईए थ्री पुलिस की टीम ने देसराज कॉलोनी में डीआरएम स्कूल के पास ऑफिस के बाहर फायरिंग व पर्ची फेंककर 10 लाख की रंगदारी मांगने की वारदात का पर्दाफाश कर आरोपी को अवैध हथियारों के साथ काबू किया। आरोपी की पहचान रोहतक के बसाना गांव निवासी सोहन उर्फ सोनू के रूप में हुई है। आरोपी चंडीगढ़ में एक बेकरी में काम करता है। आरोपी के पास से दो देसी पिस्तौल व दो जिंदा रौंद बरामद हुए है। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा है।
एएसपी श्री हर्षित गोयल आईपीएस ने वीरवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय की टीम को आरोपियों की पहचान व धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी थी। सीआईए थ्री की टीम ने घटना स्थल के पास आस विभिन्न स्थानों पर 50 से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज को खंगालने के साथ ही अपने सभी सोर्स एक्टिव कर बुधवार शाम को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर एक आरोपी को सिवाह बस अड्डे के पास अवैध हथियारों के साथ काबू करने में कामयाबी हासिल की।
देसराज कॉलोनी निवासी विदेश गए दीपक ने जमीनी विवाद की रंजिश रखते हुए दबदबा बनाने के लिए फायरिंग करवाई
एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया देसराज कॉलोनी निवासी विदेश (कनाडा) गए दीपक के कहने पर उसने अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम दिया । दीपक ने उनको बताया था कि कॉलोनी निवासी इंद्रजीत के साथ उसका जमीनी विवाद है। दीपक ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर बातचित कर उनसे दबदबा बनाने के लिए इंद्रजीत के ऑफिस के बाहर फायरिंग करवाई थी। इसकी एवज में दीपक ने उसको 60 हजार रुपए देने की बात कही थी। वारदात में प्रयुक्त हथियार भी उनको दीपक ने ही उपलब्ध कराए थे। दीपक ने कहने पर वह यूपी से अवैध हथियार लेकर आया था।
पुलिस ने वीरवार को आरोपी सोहन उर्फ सोनू को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी के वारदात में शामिल फरार उसके साथी आरोपी व असलहा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
यह है मामला
थाना तहसील कैंप में देसराज कॉलोनी निवासी इंद्रजीत उर्फ सोहना पुत्र बलविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था की 31 दिसंबर को वह वधावाराम कॉलोनी स्थित अपने ऑफिस में था। सायं करीब 4:45 बजे भाई हीरे ने उसके पास फोन कर बताया कि देसराज कॉलोनी के राज नगर में डीआरएम स्कूल के पास स्थित उनके ऑफिस पर किसी ने गोली चलाई है। सूचना पाकर ऑफिस पहुंचा और ताला खोलकर देखा एक कागज पड़ा मिला। पत्र के माध्यम से 10 लाख रूपए की रंगदारी मांगी गई है। इसमें अपने आप को नीरज बवाना गैंग के सदस्य होना बताया है। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर दो लड़के दफ्तर के पास खड़े होकर गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे है। थाना तहसील कैंप में इंद्रजीत उर्फ सोहना की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments