Wednesday, July 15, 2026
Newspaper and Magzine


एटीएम कार्ड बदल ठगी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार.दो वारदातों का खुलासा. 9500 रुपए बरामद.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 15, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 15 जुलाई : सीआईए-टू पुलिस ने एटीएम में पैसे निकालने आए लोगों की मदद करने के बहाने उनका डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया । पुलिस ने आरोपी को मंगलवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर एनएफएल नाका के पास से काबू किया। पूछताछ में आरोपी से पानीपत की दो वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपी की पहचान रोहतक के रैनकपुरा निवासी सुनील के रूप में हुई है।

सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम को मंगलवार शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक एनएफएल नाका के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सुनील पुत्र रणधीर निवासी रैनकपुरा, रोहतक के रूप में बताई।
गहन पूछताछ में आरोपी ने 20 जनवरी की शाम आठ मरला चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पैसे निकालने आए एक व्यक्ति का डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। आरोपी ने कार्ड बदलने के बाद पीड़ित के खाते से 41 हजार 200 रुपये निकाले थे। उक्त वारदात बारे थाना मॉडल टाउन में न्यू मॉडल टाउन निवासी रणधीर पुत्र ईश्वर की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने उक्त वारदात के अतिरिक्त 28 फरवरी को गोहाना रोड स्थित एसबीआई के एटीएम में पैसे निकालने आए एक व्यक्ति की मदद करने के बहाने उसका डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करना स्वीकारा। आरोपी ने कार्ड बदलने के बाद पीड़ित के खाते से 22 हजार 600 रुपए निकाल लिए थे। उक्त वारदात बारे थाना औद्योगिक सेक्टर-29 में विकास नगर निवासी बलजीत पुत्र रामकिशन की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।

प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसने आठ मरला चौक स्थित एटीएम में व्यक्ति का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से निकाली गई राशि में से ज्यादातर रुपए खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचे 9500 रुपये बरामद कर बुधवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Comments


Leave a Reply