पुलिस शहीदी दिवस सप्ताह के तहत खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर. अमर शहीदों की शहादत को किया नमन.
BOL PANIPAT : 24 अक्तूबर 2025,अमर शहीदों की याद में पुलिस विभाग की ओर से 21 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक पुलिस शहीदी दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर अमर शहीद जवानों को याद कर श्रद्धांजली दी जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गांव झट्टीपुर स्थित सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों की वॉलीबाल खेल प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया।
प्रतियोगिता में झट्टीपुर, पसीना खुर्द, डाडोला, मच्छरोली, करहंस, मनाना, बिहोली व पसीना कला गांव के सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों की टीम ने भाग लिया। प्रतियोगिता में झट्टीपुर की टीम प्रथम व पसीना खुर्द की टीम द्वितीय स्थान पर रही। दोनों टीमों को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला।
उप पुलिस अधीक्षक समालखा नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को अमर शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर अपना जीवन सफल बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमें अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अच्छे नागरिक बनकर देश की सेवा, सुरक्षा और उन्नती के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। देश हित के लिए काम करना हमारा प्रथम कर्तव्य है।
उन्होंने विद्यार्थियों को देशभक्ति से ओतप्रोत हो जीवन में आगे बढने की सीख देते हुए कहा कि अमर शहीदों की गौरव गाथा हमारी युवा शक्ति में उमंग के साथ देश भक्ति का जज्बा पैदा करती है। अमर शहीदों के जीवन से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर गांव झटटीपुर स्कूल के प्रिंसिपल दिनेश ने कहा कि पुलिस लोगों को सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराती है। उनकी कठिन मेहनत और साहस हमें प्रेरित करती है कि हम भी अपने कर्तव्य को ईमानदारी से निभाएं व पुलिस के बलिदान को कभी नहीं भूले। इस अवसर पर स्कूल का पूरा स्टॉफ मौजूद रहा।

Comments